4 वर्षीय सौतेले बेटे की गला घोटकर हत्या करने के मामले में क्राइम ब्रांच डीएलएफ और बीपीटीपी की टीम ने महिला को किया गिरफ्तार

– आरोपित महिला के पति को पहली पत्नी से दो बच्चे थे और वह और बच्चे नहीं चाहता था
– आरोपिता को लगा कि जब तक उसकी पहली पत्नी के बच्चे जिंदा है तब तक वह मां नहीं बन सकती इसलिए उसने हत्या की वारदात को दिया था अंजाम
फरीदाबाद : डीसीपी क्राइम मुकेश कुमार मल्होत्रा के दिशा निर्देश के तहत कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच डीएलएफ प्रभारी राकेश कुमार तथा एसएचओ बीपीटीपी अर्जुन देव की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 वर्षीय बच्चे की हत्या के मामले में महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार की गई आरोपित महिला का नाम खुशबू(25) है जो फरीदाबाद के बडोली गांव में अपने पति देवीदीन के साथ रह रही है। 21-22 फरवरी की रात पुलिस को सूचना मिली कि एक 4 वर्षीय बच्चे को सर्वोदय अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले में जांच शुरू की। पुलिस कार्रवाई के दौरान शव का पोस्टमार्टम करवाया गया जिसमें पता चला कि बच्चे की हत्या गला दबाने से हुई है। 24 फरवरी को बीपीटीपी थाने में हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि 3 वर्ष पहले महिला की शादी देवीदिन से हुई थी। देवीदीन की पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी जिससे उसके 9 और 4 साल के दो बेटे थे। खुशबू देवीदीन की दूसरी पत्नी है। देवीदीन अब और बच्चे नहीं चाहता था परंतु खुशबू को अपने बच्चे चाहिए थे। देवीदीन ने कई बाहर खुशबू को समझाया परंतु वह नहीं मानी इसलिए उनके बीच कई बार मनमुटाव हो चुका था। देवीदीन के दोनों बच्चे देवीदीन की बहन के पास रहते थे जो बड़ोली में ही रहती है। 21 फरवरी की रात देवीदीन के छोटे बेटे को बुखार हुआ तो वह उसे दवा दिलाकर अपने पास अपने घर ले आया। रात को देवीदीन किसी काम से घर से बाहर चला गया। आरोपित महिला के मन में ख्याल आया कि जब तक इसके बेटे जिंदा है तब तक वह मां नहीं बन सकती इसलिए उसने मौका देखकर चुन्नी से गला घोटकर बच्चे की हत्या कर दी। खुशबू को लगा कि बच्चे को बुखार है इसलिए सब यही सोचेंगे कि बुखार की वजह से उसकी मृत्यु हुई है और उस पर किसी को शक नहीं होगा और ऐसा ही हुआ। देवीदीन जब वापस आया तो उसे लगा कि उसके बेटे को बुखार थी इसकी वजह से उसकी मृत्यु हुई है परंतु जब पोस्टमार्टम किया गया तो सामने आया कि बच्चे की मृत्यु गला दबाने की वजह से हुई है।
क्राइम ब्रांच तथा थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित महिला को गिरफ्तार करके 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया जिसमें वारदात में उपयोग चुन्नी बरामद की गई है। पुलिस पूछताछ पूरी होने के पश्चात आरोपित महिला को कल अदालत में दोबारा पेश करके जेल भेजा जाएगा।



