10.826 किलोग्राम गांजा व स्कूटी बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, क्राईम ब्रांच सेक्टर-56 की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस की क्राईम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने अवैध नशा पर कार्रवाई करते हुए 06 सितंबर को 10.826 किलोग्राम गांजा सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान हबीब(25) वासी ओखला दिल्ली के रुप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 06 सितंबर को क्राईम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने गुप्त सूत्रों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हबीब वासी ओखला दिल्ली को बाईपास रोड ऐतमादपुर पुल क्षेत्र से एक स्कूटी के साथ काबू किया। स्कूटी से 10.826 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जिस पर आरोपित के विरुद्ध थाना सेक्टर-31 में एन.डी.पी.एस. की धारा के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी यह गांजा कालिंदी कुंज दिल्ली से किसी व्यक्ति से 80,000 रुपये में लेकर आया था और फरीदाबाद में बेचने की फिराक में था। वह कबाडी का काम करता है। स्कूटी को भी पुलिस टीम द्वारा कब्जा में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी को माननीय न्यायलय से 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।



