गैस एजेंसी से घरों में गैस सप्लाई करते समय रास्ते में सिलेंडर से गैस निकालकर हेराफेरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच एनआईटी ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

  • एजेंसी से गैस लेकर रास्ते में ही भरे हुए गैस सिलेंडर से खाली गैस सिलेंडर में गैस डालकर ग्राहकों को लगाते थे चपत

फरीदाबाद : क्राइम ब्रांच एनआईटी प्रभारी नरेंद्र कुमार की टीम ने गैस सिलेंडर सप्लाई करते समय उसमें से गैस निकालकर ग्राहकों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के मामले में दो गाड़ी चालकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आजाद और गौरव का नाम शामिल है। आरोपी आजाद फरीदाबाद के अलीपुर तथा आरोपी गौरव न्यू राजीव कॉलोनी का निवासी है। पिछले काफी समय से घर में सप्लाई होने वाले गैस सिलेंडर के बारे में काफी शिकायतें मिल रही थी जिसमें ग्राहकों को गैस सिलेंडर में निर्धारित मात्रा से गैस कम गैस पहुंचाई जा रही थी। डीसीपी क्राइम के दिशा निर्देश के तहत कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने इन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना डबुआ में आवश्यक वस्तु अधिनियम चोरी तथा धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके पूछताछ शुरू की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पर्वतीय कॉलोनी स्थित ओम साईं एचपी गैस एजेंसी में काम करते हैं और वहां से गाड़ी में गैस सिलेंडर भरकर ग्राहकों को उनके घर पर सप्लाई करते हैं। आरोपी गैस एजेंसी से सिलेंडर लादकर चलते हैं और रास्ते में पाली बाखरी रोड पर जंगल में पुराने खंडहर पड़े टिन शेड के पीछे गैस एजेंसी से लाए गए भरे हुए गैस सिलेंडर से थोड़ी-थोड़ी गैस निकालकर खाली सिलेंडर में भर लेते थे। इसके पश्चात वह ग्राहकों को सिलेंडर पहुंचाते और उन्हें गैस की पूरी मात्रा बताकर ग्राहकों को चपत लगा रहे थे। आरोपियों ने बताया कि वह पिछले सात-आठ महीनों से यह काम कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से 49 गैस सिलेंडर, 2 पाइप तथा 1 गाड़ी बरामद किया गया है। पुलिस पूछताछ पूरी होने के पश्चात आरोपियों को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया था है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!