100 टीबी मरीजों को पोषाहार किट का वितरण, गांव-गांव स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य जांच वैन का शुभारंभ

फरीदाबाद : टीबी मुक्त समाज के निर्माण तथा जरूरतमंद टीबी मरीजों को पोषण सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विक्टोरा इंडस्ट्रीज, फरीदाबाद द्वारा जिला रेडक्रॉस सोसायटी, फरीदाबाद के सहयोग से आज जनसेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विक्टोरा इंडस्ट्रीज, फरीदाबाद के निदेशक अमितबीर सिंह बाँगा जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में किया गया। कार्यक्रम में 100 टीबी मरीजों को पोषाहार किट वितरित की गईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हनी बंसल, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), फरीदाबाद उपस्थित रहे। उन्होंने टीबी मरीजों को पोषाहार किट वितरित कीं और इस जनहितकारी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीबी के उपचार के साथ-साथ मरीजों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध करवाना भी बेहद जरूरी है। पोषण सहयोग से मरीजों को उपचार के दौरान बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर एच.एस. बाँगा जी, चेयरमैन, विक्टोरा ग्रुप; अजय सोमवंशी, सीएसआर हेड, विक्टोरा ग्रुप; बिजेंद्र सोरोत, सचिव, जिला रेडक्रॉस सोसायटी, फरीदाबाद तथा पुरुषोत्तम सैनी, उप अधीक्षक, जिला रेडक्रॉस सोसायटी, फरीदाबाद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव बिजेंद्र सोरोत ने कहा कि टीबी मरीजों को दवाइयों के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी समाज के जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों तक स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विक्टोरा इंडस्ट्रीज द्वारा टीबी मरीजों के लिए किए गए पोषाहार वितरण की सराहना की।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के उप अधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने कहा कि टीबी मरीजों को पोषण सहयोग उपलब्ध करवाने से उन्हें उपचार के दौरान बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में सहायता मिलेगी। उन्होंने इस जनसेवा कार्यक्रम को जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
सीएसआर हेड अजय सोमवंशी ने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल चिकित्सा उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि पोषण, जागरूकता और समय पर स्वास्थ्य जांच भी इसके महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि विक्टोरा ग्रुप सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत समाज के जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

2 स्वास्थ्य जांच वैन का शुभारंभ:-
कार्यक्रम के दूसरे चरण में, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से विक्टोरा फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य जांच वैन का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि हनी बंसल ने स्वास्थ्य जांच वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह स्वास्थ्य जांच वैन फरीदाबाद जिले के विभिन्न गांवों में जाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच करेगी तथा आवश्यकतानुसार विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण उपलब्ध करवाएगी। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके गांव एवं घर के नजदीक स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकेगी। साथ ही, लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान करने में भी सहायता मिलेगी।



