फरीदाबाद पुलिस का वीकेंड अभियान जारी: तीन दिन में 255 आरोपित गिरफ्तार, 140 उद्घोषित अपराधी व बेल जंपर पर कार्रवाई

एक किलोग्राम से अधिक गांजा, 600 अल्प्राजोलम की प्रतिबंधित टैबलेट्स, 4 देसी कट्टा, 503 बोतल देसी, 40 बोतल अंग्रेजी शराब व 24 बीयर बरामद, जुआ के 47000 के करीब रुपए जब्त

फरीदाबाद : कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर फरीदाबाद पुलिस का विशेष वीकेंड अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 17 से 19 जुलाई तक जिले के सभी थाना प्रभारियों और अपराध शाखाओं की टीमों ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए 255 आरोपितों को गिरफ्तार किया, साथ ही 140 उद्घोषित अपराधियों एवं बेल जंपरों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि 33 गुमशुदा व्यक्तियों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया गया।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार फरीदाबाद पुलिस ने अभियान के दौरान अपराधियों, नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों, शराब तस्करों, जुआ संचालकों और वाहन चोरों के खिलाफ एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई की है। पुलिस का इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे ताकि जिले में अपराधियों के मन में कानून का भय बना रहे और आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन कर सकें।

अभियान के दौरान मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने एक किलोग्राम से अधिक गांजा तथा 600 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट्स बरामद कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 देसी कट्टे बरामद किये गये।

शराब तस्करों के खिलाफ भी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 503 बोतल देसी शराब, 40 बोतल अंग्रेजी शराब तथा 24 बोतल बीयर बरामद कर 31 आरोपितों को गिरफ्तार किया वहीं जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों से करीब 47 हजार रुपये की जुआ राशि जब्त की गई।

वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए एक चोरी की कार तथा चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई। इस दौरान AVTS सिकरौना की टीम ने चोरी के वाहन खरीदने वाले नंगला जमालगढ़ पुन्हाना निवासी इरफान को भी गिरफ्तार किया है। जिसकी पूछताछ में 25 से 30 चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने का खुलासा हुआ है।

उन्होंने आगे बताया कि यह अभियान केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले में लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधियों और बेल जंपरों की धरपकड़, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश, नशा तस्करी पर रोक, अवैध हथियारों की बरामदगी तथा संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण व लंबित मामलों का निष्पादन इसकी प्राथमिकता है। इसी रणनीति के तहत सभी थाना प्रभारियों व अपराध शाखाओं को नियमित रूप से विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी उल्लेखनीय है कि इससे पहले 10 से 12 जुलाई के दौरान भी फरीदाबाद पुलिस ने इसी प्रकार का विशेष अभियान चलाया था। उस दौरान 400 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा बड़ी मात्रा में अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध देसी कट्टे और जुआ की नकदी बरामद की गई थी। लगातार दूसरे सप्ताह भी चलाए गए इस अभियान से स्पष्ट है कि फरीदाबाद पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार आक्रामक रणनीति अपनाए हुए है।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना फरीदाबाद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और अपराध शाखाओं की टीमों को निर्देश दिए हैं कि अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार निरंतर विशेष अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!