पोलियो मुक्त भारत अभियान के लिए विभागों के अधिकारी आपसी तालमेल करके करें बेहतर क्रियान्वयन : एसडीएम त्रिलोक चंद

– छोटे बच्चों को संक्रामक रोगों से बचाव के लिए भी टीके अवश्य लगाए
फरीदाबाद, 15 मई। एसडीएम बल्लभगढ़ त्रिलोक चंद की अध्यक्षता में सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में जिला टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि 28 से 30 मई तक पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 साल तक के बच्चों पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी।
एसडीएम त्रिलोक चंद ने कहा की फरीदाबाद पोलियो मुक्त है। लेकिन भविष्य में यह बीमारी फिर से न आए उसके लिए छोटे बच्चों को पोलियो खुराक जरूर पिलाएं। उन्होंने पल्स पोलियो अभियान के तहत जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि वे 0 से 5 साल तक आयु के सभी बच्चों को यह पल्स पोलियो खुराक जरूर पिलाएं। जिससे जिला को स्वस्थ रखने में भागीदार बनें।
बैठक में मलेरिया के नोडल अधिकारी कम एसएमओ डॉक्टर राम भगत सिंह ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, एमसीएफ, एचएसवीपी, जिला विकास एवं पंचायत, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, रोडवेज विभाग, जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित तमाम सरकारी विभागों के अधिकारियों के दायित्व और जिम्मेदारी के बारे विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।
वहीं डॉक्टर रचना ने पल्स पोलियो अभियान के तहत बेहतर क्रियान्वयन के लिए विभाग वार जिम्मेदारियों की जानकारी दी।
उन्होंने आगे बताया कि जिला फरीदाबाद में 0 से 5 वर्ष तक आयु के 397305 बच्चे हैं और 646102 घर है। जहां घर घर जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों को पोलियो ड्राप्स पिलाएगी। उन्होंने बताया कि जिला फरीदाबाद में नॉन माइग्रेट हाई रिस्क के 9 क्षेत्र है। कुल हाई रिस्क 1112 क्षेत्र, स्लम 681, नोर्मेड 39, ईंट भट्ठों के 146 और कंस्ट्रक्शन साइट 219 क्षेत्र हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1681 बूथ बनाए गए हैं। इसके लिए 2313 एचटीएच टीमें, ट्रांजिट 305 और मोबाइल 158 टीमें बनाई गई है।
बैठक में सीटीएम अमित मान, डीडीपीओ राकेश मोर, रोडवेज के टीएम जितेन्द्र यादव, पीओआई सीडीएस मीनाक्षी चौधरी, सीडीपीओ डॉक्टर मंजू श्योरान, खण्ड शिक्षा अधिकारी मित्तल सहित बैठक से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



