APL-2026 का भव्य शुभारंभ, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने चौका लगाकर किया उद्घाटन
18 गोत्रों की संस्कृति, महिला शक्ति और खेल भावना का दिखा अद्भुत संगम

फरीदाबाद : अग्रवाल वैश्य परिवार, ग्रेटर फरीदाबाद द्वारा आयोजित APL-2026 (अग्रसेन प्रीमियर लीग) का भव्य शुभारंभ आज HR Sports Cricket Stadium, सेक्टर-95, गाँव कांवरा, फरीदाबाद में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने क्रिकेट की पिच पर चौका लगाकर किया।
इस अवसर पर विपुल गोयल ने कहा कि युवाओं को खेल और समाज से जोड़ने का यह विशेष और शानदार प्रयास है। राकेश गर्ग और युगल मित्तल एवं अमर बंसल द्वारा आयोजित APL युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज को एकजुट करने का भी माध्यम बनेगा।
भव्य उद्घाटन समारोह में 18 गोत्रों की महिलाओं द्वारा कलश यात्रा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। वहीं बल्लभगढ़ समाज की महिलाओं द्वारा क्रिकेट का संदेश देती हुई विशेष झांकी ने उपस्थित दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। 18 गोत्रों के प्रतीक 18 राजकुमार घोड़ियों पर सवार होकर समारोह में शामिल हुए और अपनी भव्य छटा बिखेरी।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका अनुपमा दास मित्तल द्वारा APL Theme Song की शानदार Live प्रस्तुति रही। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया और पूरा स्टेडियम संगीत एवं खेल के उत्साह से गूंज उठा।
APL के आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में समाज के 18 गोत्रों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता को मजबूत करना है।
भव्य उद्घाटन समारोह में राज्य मंत्री राजेश नागर, संदीप मंगला,देवेंद्र गोयल,आर. जी. अग्रवाल, सुरेश गर्ग, धर्मवीर गुप्ता,विनोद मित्तल,कमल बजाज, पवन अग्रवाल, हरीश मित्तल (हिसार वाले), राजेश गुप्ता, अनिल चांदी वाले, प्रोड्यूसर महेंद्र कुमार, गाँव कांवरा के सरपंच कृष्ण दीक्षित, सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
APL-2026 का आयोजन 27 सितंबर से 11 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता का समापन 11 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम एवं पुरस्कार समारोह के साथ किया जाएगा।
आयोजकों राकेश गर्ग एवं युगल मित्तल ने उद्घाटन समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, महिला शक्ति एवं समाज के गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि APL को सफल बनाने में पूरे समाज का सहयोग और सहभागिता इसकी सबसे बड़ी ताकत है।



