सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद द्वारा मानव संस्कार भारती पब्लिक स्कूल धीरजनगर फरीदाबाद में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस के सामुदायिक पुलिसिंग सेल द्वारा मानव संस्कार भारती पब्लिक स्कूल, धीरज नगर, फरीदाबाद में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सामाजिक कुरीतियों, महिला सुरक्षा, बाल अधिकारों तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने ‘क्राइम अगेंस्ट वीमेन’ तथा ‘चाइल्ड मैरिज एक्ट’ के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह हमारे समाज की एक गंभीर कुप्रथा है, जो न केवल बेटियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रभावित करती है, बल्कि उनके शिक्षा, अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य में भी बाधा उत्पन्न करती है। उन्होंने बताया कि ऐसी प्रथाएं समाज में महिलाओं के प्रति अपराधों को बढ़ावा देती हैं, इसलिए इनसे संबंधित कानूनों की जानकारी रखना और उनका पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को इंटरनेट का सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया तथा ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग और फर्जी लिंक/कॉल से सावधान रहने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न आपातकालीन एवं हेल्पलाइन नंबरों जैसे डायल 112, 1030 (साइबर हेल्पलाइन) तथा 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नशे से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु ‘MANAS’ ऐप के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से लगभग 450 विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया तथा उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन एवं उपस्थित विद्यार्थियों ने फरीदाबाद पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।



