रक्तदान से रोशन हुई मानवता की राह, रायन स्कूल में 35 लोगों ने किया महादान

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में अभिभावकों, शिक्षकों और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

फरीदाबाद। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रायन इंटरनेशनल स्कूल, फरीदाबाद में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की शानदार मिसाल देखने को मिली। पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी, फरीदाबाद के सहयोग से आयोजित शिविर में अभिभावकों, शिक्षकों एवं समाजसेवी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 35 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने के लिए नियमित रक्तदान का संकल्प भी लिया।

शिविर की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या डा. पीया शर्मा ने की। शिविर का संयोजन जिला रेडक्रॉस सोसायटी की फर्स्ट एड लेक्चरर श्रीमती अल्पना मित्तल एवं पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज के मुख्य संयोजक डा. विकास मित्तल ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के सचिव बिजेंद्र सौरौत ने शिविर का शुभारंभ किया, जबकि जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के अधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि बिजेंद्र सौरौत ने कहा कि रक्तदान महज एक सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि किसी अनजान जरूरतमंद के जीवन को बचाने की मानवीय जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति को नियमित रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं।

प्रधानाचार्या डा. पीया शर्मा ने कहा कि विद्यालय का दायित्व केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उनमें मानवीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। रक्तदान शिविर जैसे आयोजन विद्यार्थियों और अभिभावकों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

डा. विकास मित्तल एवं श्रीमती अल्पना मित्तल ने संयुक्त रूप से कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे पुनीत कार्य है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर इसे जन-जन का आंदोलन बनाना है।

शिविर को सफल बनाने में डा. नरेश डागर, नेपाल सिंह, संजीव, कलमेश, रेणु, पवन सहित अन्य स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह पुनीत योगदान जरूरतमंद मरीजों के जीवन में नई उम्मीद जगाने का कार्य करेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!