“नशा को ना, जिंदगी को हां”-नशे के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस का बड़ा अभियान, 650 विद्यार्थियों व आमजन ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

नशे की सप्लाई और डिमांड पर फरीदाबाद पुलिस का लगातार प्रहार, युवाओं को शिक्षा और खेल से जोड़ना जरूरी-डीसीपी प्रतीक अग्रवाल

फरीदाबाद, 25 सितंबर। नशे के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस जहां नशा तस्करों पर कार्रवाई कर रही है, वहीं युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस आयुक्त, सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में शुक्रवार को फरीदाबाद पुलिस द्वारा अटल कम्युनिटी सेंटर, बल्लभगढ़ में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 650 विद्यार्थियों और आमजन ने हिस्सा लिया तथा नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ एसीपी तिगांव, एसीपी बल्लभगढ़, सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वात्सल, बीईओ बल्लभगढ़ सतीश, डीएवी स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. हेमा अरोड़ा, बल्लभगढ़ जोन के थाना प्रभारी तथा विभिन्न विभागों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। नशे की डिमांड और सप्लाई दोनों पर लगातार प्रहार किया जा रहा है तथा अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवार, विद्यालय, पुलिस और समाज को मिलकर निरंतर प्रयास करने होंगे।

उन्होंने युवाओं को शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दें और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए निरंतर मार्गदर्शन दें।

विशेषज्ञों ने बताए नशे के दुष्प्रभाव

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और विशेषज्ञों ने नशे से स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। एसीपी तिगांव ने युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने कहा कि नशे की समस्या से प्रभावित लोगों को समय पर उचित सहायता और उपचार उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में परिवार, स्कूल, पुलिस और सामाजिक संस्थाओं की सामूहिक भूमिका पर जोर दिया।

वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वात्सल ने नशे से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। वहीं बीईओ बल्लभगढ़ सतीश और डीएवी स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. हेमा अरोड़ा ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया नशामुक्ति का संदेश

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से सामने रखा। प्रस्तुतियों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

650 लोगों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर करीब 650 विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशे से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान नशामुक्ति संबंधी जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई तथा जरूरतमंद लोगों को उचित सहायता और उपचार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी करें और बच्चों व युवाओं को शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में सहयोग दें।

फरीदाबाद पुलिस का संदेश—
“नशे से इनकार, जीवन से प्यार—नशामुक्त समाज की ओर बढ़ता हर कदम महत्वपूर्ण है।”

नशा मुक्ति सहायता हेल्पलाइन : 9050891508
मानस हेल्पलाइन : 1933

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!