सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विभाग, फरीदाबाद द्वारा सेवा, स्वास्थ्य एवं रचनात्मक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

फरीदाबाद : बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विभाग, भाजपा फरीदाबाद एवं भारत उत्थान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-29, फरीदाबाद में सेवा, स्वास्थ्य एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत” चित्रकला प्रतियोगिता, “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” रंगोली प्रतियोगिता तथा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर का आयोजन डॉ. सूरज प्रकाश आरोग्य केंद्र एवं Quick Relief Dental Clinic के सहयोग से किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों सहित अन्य प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विभाग की जिला संयोजक प्रतिभा तिवारी ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को उचित मंच एवं प्रोत्साहन देना समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सेवा भावना एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।

कार्यक्रम में एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला संयोजक विमल खंडेलवाल, स्नेह लता, चित्रा शर्मा, सरकारी योजना जागरूक अभियान सहसंयोजक गौरव कोली एवं डॉ. देवमणि अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू मेहता, डायरेक्टर हिमांशी भारद्वाज एवं समस्त अध्यापिकाओं ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भारत उत्थान फाउंडेशन एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विभाग, भाजपा फरीदाबाद की ओर से विद्यालय प्रबंधन, शिक्षिकाओं, स्वास्थ्य सेवा टीम एवं सभी प्रतिभागी बच्चों का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा—
“स्वस्थ भारत, सशक्त बेटियां और संस्कारवान युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।”



