श्रीमद भागवत कथा का कलश यात्रा के साथ शुभारंभ, श्रद्धालुओं ने लिया कथा का आनंद

फरीदाबाद : ओल्ड फरीदाबाद तालाब वाली गली स्थित श्री राम मंदिर में सात दिवसीय 19वीं संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ बृजधाम गोवर्धन से पधारे कथा व्यास परम श्रद्धेय श्री मुरारीलाल बृजवासी के सान्निध्य में किया गया। श्रीमद् भावगत कथा आगामी एक जनवरी तक चलेगी। मंदिर परिसर से बैंडबाजों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई वापिस मंदिर पहुंची। जहां भागवत की पूजा-अर्चना की और पूजन के बाद कलश की स्थापना की गई।
इस मौके पर कथा व्यास परम श्रद्धेय श्री मुरारीलाल बृजवासी ने अपने प्रवचनों में उपस्थित श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत पुराण की जानकारी देते हुए कहा कि श्रीमद्भगवत कथा का श्रवण करने से मानव जीवन में एक जन्म नहीं अपितु हमारे कई जन्मों के पापों का नाश होने के साथ ही हमारे शुभ कर्मों का उदय होता है। इसको सुनने मात्र से जीव जन्म और मरण के बंधन से मुक्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि नारद जी ने भक्ति देवी के कष्ट की निवृत्ति के लिए श्रीमद् भागवत कथा का साप्ताहिक अनुष्ठान किया था। जहां संतकुमारों ने भागवत का प्रवचन करते हुए नारद के मन का संशय दूर किया। इसी कथा को धुंधकारी प्रेत ने अपने अग्रज से श्रवण किया और प्रेत योनि से मुक्ति पाकर विष्णु लोक को प्राप्त हुए। कथा व्यास ने कहा कि भगवत श्रवण से जीव के सभी पाप कर्म मिट जाते हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित निवर्तमान निगम पार्षद सुभाष आहुजा व विशिष्ट अतिथि परविंदर मल्होत्रा ने संयुक्त रूप से कहा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में हमें धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए, इससे जहां एक ओर हमें आत्मिक शांति मिलती है वहीं हम अपनी प्राचीन सनातन संस्कृति को नई पीढ़ी में भी पहुंचा सकते हैं।
इस अवसर पर अतिथिगणों बोधराज मक्कड़, दीपक ठुकराल, विदुर शोगी, रवि डुडेजा, संजय टुटेजा, अशोक ढींगड़ा, नरेश सिंगला, अमित कपूर, अनिल मदान, गौरव अग्रवाल, वसंत शर्मा, कमल कटारिया, सूर्यकांत, हेमंत खुराना, हमेत शर्मा, रेणु मल्होत्रा, सोनिया आहुजा, सावित्री, रूचिका, मीनू आहुजा, ज्योति, कमला, ममता, शालू, सोनिया खुराना, मेघा, पुष्पा शर्मा, पिंकी मिगलानी, रेखा सिंगला आदि ने भाग लेकर धर्म लाभ कमाया। अंत में सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण किया गया।



