शिक्षा‌‌ के साथ-साथ संस्कार दे रहा जीडी गोयंका : मेयर

जीडी गोयनका स्कूल का वार्षिक उत्सव 'समय' आयोजित, प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर

फरीदाबाद (मनीष शर्मा) : फरीदाबाद शहर के प्रतिष्ठित जीडी गोयनका स्कूल, सेक्टर-15, फरीदाबाद के वार्षिक उत्सव ‘समय’ का भव्य आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की अध्यक्ष श्रीमती नीतू मान एवं डॉ कमलेश वर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मेयर प्रवीण बत्रा जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वार्षिक उत्सव की थीम “समय” रखी गई, जिसे विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से बेहद प्रभावशाली ढंग से परिभाषित किया। इसमौके पर स्कूल की सीओओ दीपाली चौधरी व प्रिंसिपल चित्रलेखा राणा सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद नन्हे विद्यार्थियों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के छात्रों तक ने नृत्य नाटिका, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों का मन मोह लिया। मंच पर समय के महत्व, उसके सदुपयोग और जीवन में अनुशासन की भूमिका को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा।

मुख्य अतिथि मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि जीडी गोयनका स्कूल शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कार और नैतिक मूल्यों का भी समावेश कर रहा है, जो आज के दौर में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि समय का सही उपयोग ही सफलता की कुंजी है। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया।

स्कूल की अध्यक्ष नीतू मान और डायरेक्टर डॉ कमलेश वर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को एक बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को नई उड़ान मिलती है। स्कूल की प्रिंसिपल चित्रलेखा द्वारा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। प्री प्राइमरी के विद्यार्थियों के नाटक के माध्यम से पर्यावरण के संरक्षण और बड़े विद्यार्थियों की नृत्य नाटिका के माध्यम से शांति और प्रेम का संदेश दिया गया। स्कूल एंथम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!