आधुनिक भारत के शिल्पकार थे पंडित जवाहरलाल नेहरू : जगजीत शर्मा

- केंद्र की वर्तमान सरकार की सोच पूर्व प्रधानमंत्रियों के इर्द-गिर्द भी नहीं
फरीदाबाद : देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू दूरगामी सोच के धनी थे। देश का सौभग्य रहा है कि आजाद भारत का उन्हें प्रथम प्रधानमंत्री बनाया गया। उक्त शब्द राहुल-प्रियंका गांधी सेना (कांग्रेस) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिमाचल प्रभारी जगजीत शर्मा ने यहां जारी एक ब्यान में प्रकट किए। उन्होंने अपने ब्यान में कहा कि आज पंडित जी की पुण्यतिथि है। देश उन्हें आधूनिक भारत के शिल्पकार के रूप में नमन कर रहा है। श्री नेहरू की दूरगामी सोच का ही परिणाम है कि देश की नींव अब तक इतनी मजबूत रही है। उन्होंने अपने कार्यकाल में देश के ढांचे को इतना मजबूत कर दिया कि दुनिया के अन्य देशों में हिन्दुस्तान का नाम बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है।
प्रवक्ता श्री शर्मा ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने आईटीआई, योजना आयोग, आईआईटी, एम्स, भाखड़ा बांध, सेल, बीएआरसी, भिलाई स्टील प्लांट, ओएनजीसी, डीआरडीओ, आईआईएम, इसरो एवं भेल जैसे अनेकों ऐसी संस्थाओं का निर्माण किया जिनसे हमारे देश का शैक्षणिक एवं व्यापार का मजबूत ढांचा तैयार हुआ। श्री शर्मा के अनुसार नेहरू जी के प्रधानमंत्री रहते हुए न केवल हमारे देश की सीमाऐं मजबूत हुईं बल्कि तिब्बतियों का शरणार्थी बनाकर एक कुशल विदेश नीतिका होने का उन्होंने परिचय दिया। तिब्बतियों को शरणार्थी बनाकर उन्होंने पड़ोसी देश चीन पर दबाव बनाने का सफल प्रयास किया। इतना ही नहीं उन्होंने विदेशों की सरजमीं पर भी अपने कुशल नेतृत्व का लोहा मनवाकर देश का परचम फहराने का काम किया।
जगजीत शर्मा ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे जो लोग बात-बात पर नेहरू को कोसते रहे हैं सही मायने में वे नेहरू की सोच के इर्द-गिर्द भी नहीं है। जिन सरकारी संस्थान को सत्ता में बैठे लोग आये दिन निजी हाथों में दे रहे हैं ये अधिकांश संस्थान नेहरू जी द्वारा देश की प्रगति के लिए स्थापित किए गए थे। वर्तमान केंद्र सरकार पूर्व सरकारों पर हमेशा हमलावर रही है। जबकि सही मायने में केंद्र की सरकार को नेहरू जी, इंदिरा जी, लाल बहादुर शास्त्री, राजीव गांधी, पीवी नरसिम्हा राव एवं डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल से सीखना चाहिए कि इन लोगों ने अपने प्रधानमंत्री काल में कैसे देश की तरक्की को बुलंदियों तक पहुंचाया।
केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए जगजीत शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार के मुखिया नरेंद्र मोदी अपने आपको उपरोक्त प्रधानमंत्रियों के व्यक्तित्व से ऊंचा करने का असफल प्रयास कर रहे हैं क्योंकि मोदी जी इतिहास को नहीं मिटा सकते। देश का जनबच्चा उपरोक्त पूर्व प्रधानमंत्रियों के त्याग, बलिदान एवं देशभक्ति से भलि-भांति परिचित हैं।



