क्राइम ब्रांच बॉर्डर ने चोरी के मुकदमे में तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद: डीसीपी क्राइम मुकेश कुमार मल्होत्रा के दिशा निर्देश के तहत कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच बॉर्डर प्रभारी संदीप कुमार की टीम ने चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए आरोपियों में जगबीर, अजय तथा लक्की का नाम शामिल है। आरोपी जगबीर यूपी के बघेना गांव का रहने वाला है और फरीदाबाद की बसेल्वा कॉलोनी में किराए के मकान पर रह रहा था। वहीं आरोपी अजय यूपी के आगरा में स्थित खेरिया गांव का रहने वाला है और ओल्ड फरीदाबाद में रह रहा था। आरोपी लक्की भी ओल्ड फरीदाबाद का निवासी है। 18 जनवरी को ओल्ड थाने में चोरी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था जिसमें आरोपियों ने ओल्ड एरिया से एक मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने मकान से पानी की मोटर सहित कुछ अन्य सामान चोरी किया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूत्रों की सूचना के आधार पर आरोपियों को गोपी कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने के आदी हैं और नशे की आपूर्ति के लिए ही चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। आरोपी लक्की के खिलाफ चोरी तथा स्नैचिंग के दो तथा आरोपी जगबीर के खिलाफ चोरी का एक मुकदमा पहले से दर्ज है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में उपयोग मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी अजय को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है और मामले में गहनता से पूछताछ करके चोरी का सामान बरामद करने के लिए आरोपी लक्की तथा जगबीर को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!