मां से शराब के लिए पैसे मांगे, नहीं दिए तो गुस्साए बेटे ने अपनी दो बेटियों को जहर दिया, मौत !

पलवल ! मां से शराब के लिए पैसे मांगे उसने नहीं दिए तो गुस्साए बेटे ने पहले अपनी दो बेटियों को जहर दिया फिर खुद खा लिया। दोनों लड़कियों की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि पिता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। चांदहट पुलिस ने चिरवाड़ी निवासी पूरण की शिकायत पर उसके बेटे के खिलाफ जहर देकर लड़कियों की हत्या करने व स्वयं खुदखुशी करने की कोशिश का केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार चिरवाड़ी निवासी पूरण ने शिकायत में कहा कि उनका बेटा करतार शराब पीने का आदी है। उसने अपनी मां से शराब के लिए पैसे मांगे तो उसने नहीं दिए। इसके बाद वह काम पर चली गई।
इसके बाद करतार ने गुस्से में आकर अपनी दो बेटियों चार वर्ष की गुंजन व छह वर्ष की अंशु को जहर दे दिया। इससे उनकी तबीयत खराब होने लगी तो उसने बताया कि इन्हें जहर खिला दिया है। साथ ही उसने भी खा लिया है। इसके बाद तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया।



