जे.सी. बोस विश्वविद्यालय ने जारी किया वर्ष 2020 का कैलेंडर

फरीदाबाद, 2 जनवरी ! जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने आज विश्वविद्यालय के वर्ष 2020 के कैलेंडर, टेबल कैलेंडर और डायरी का विमोचन किया। इस अवसर पर कुलपति ने सभी विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों तथा कर्मचारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। इस वर्ष, विश्वविद्यालय के कैलेंडर में नवनिर्मित मुख्य द्वार को दर्शाया गया है, जिसे स्वर्ण जयंती द्वार के रूप में जाना जाता है। विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों द्वारा निर्मित मुख्य द्वार संस्थान से निकलकर विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले छात्रों की उत्कृष्टता का प्रतीक है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1969 में एक डिप्लोमा कालेज से शुरू हुए विश्वविद्यालय ने वर्ष 2019 में अपने 50 वर्ष पूरे किये है। कैलेंडर में सरकार की प्रमुख योजनाओं के लोगो को भी जगह दी गई है। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने कहा कि वर्ष 2020 में विश्वविद्यालय के लिए अहम है, जिसमें विश्वविद्यालय की कई नई विकास परियोजनाएं पूरी होने जा रही है। इसके अलावा, विश्वविद्यालय की विस्तार योजना को भी कार्यरूप दिया जायेगा। उन्होंने संकाय सदस्यों तथा कर्मचारियों से विश्वविद्यालय के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया। कुलसचिव डाॅ. एस.के. गर्ग, कम्प्यूटर एप्लीकेशन विभाग के अध्यक्ष डाॅ. अतुल मिश्रा, डाॅ. हरिओम श्रीवास्तव, उप कुलसचिव मनीष गुप्ता और कार्यकारी अभियंता अजय तनेजा भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!