राज्यपाल के पौधारोपण अभियान में भागीदार बना जे.सी. बोस विश्वविद्यालय

फरीदाबाद, 14 अगस्त : हरियाणा के राज्यपाल तथा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उपलक्ष्य में जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के शिक्षकों और कर्मचारियों ने आज विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया।
गौरतलब है कि हरियाणा के राज्यपाल ने सभी विश्वविद्यालयों से 11 से 17 अगस्त, 2022 के बीच पौधारोपण अभियान चलाने और अपने परिसरों में विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधे लगाने का आह्वान किया है। इस राज्यव्यापी पौधारोपण अभियान के अंतर्गत श्री दत्तात्रेय हरियाणा राजभवन के प्रांगण में पौधारोपण करेंगे तथा विश्वविद्यालय एवं उनके सम्बद्ध महाविद्यालय अपने परिसरों से पौधारोपण कर उनका साथ देंगे।
पौधारोपण अभियान में सभी शिक्षकों और कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय ने एक सप्ताह का कार्यक्रम बनाया है। इसी कड़ी में आज लिबरल आटर््स एवं मीडिया अध्ययन, विज्ञान और जीव विज्ञान के संकाय सदस्यों और शैक्षणिक शाखा, छात्रवृत्ति शाखा और परीक्षा शाखा के कर्मचारियों ने पौधारोपण अभियान में हिस्सा लिया।
अपने संदेश में कुलपति प्रो. एस.के. तोमर ने छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों से पौधारोपण अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया और कहा कि वे पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल भी करें और प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम के दौरान कुलसचिव डॉ. एस.के. गर्ग ने संकाय सदस्यों और कर्मचारियों को पौधारोपण गतिविधियों के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डीन (संस्थान) प्रो. संदीप ग्रोवर, डीन (कॉलेज) प्रो. तिलक राज, डीन छात्र कल्याण प्रो. लखविंदर सिंह, डीन (फ्लैम्स) प्रो. अतुल मिश्रा, डीन (अकादमिक मामले) प्रो. आशुतोष दीक्षित, डीन (परीक्षा) प्रो. हरिओम, पर्यावरण इंजीनियरिंग की विभागाध्यक्षा डॉ. रेणुका गुप्ता, संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह मलिक, फिजिक्स की अध्यक्षा डॉ. अनुराधा शर्मा और डीएसडब्ल्यू कार्यालय व वसुंधरा ईसीओ क्लब की अन्य सदस्य मौजूद रहे।



