नशा मुक्ति जागरूकता अभियान — पुलिस प्रशासन, रेड क्रॉस सोसाइटी, जय सेवा फाउंडेशन एवं मारवाड़ी युवा मंच का संयुक्त आयोजन

फरीदाबाद : जिला उपायुक्त विक्रम सिंह के निर्देशन एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सचिव विजेंद्र सोरोत के मार्गदर्शन में नशा मुक्ति जागरूकता मुहिम का सफल आयोजन सीकरी स्थित एक ट्रांसपोर्ट ऑफिस में किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस प्रशासन, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी, जय सेवा फाउंडेशन और मारवाड़ी युवा मंच फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस निरीक्षक सुनीता एवं जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के संरक्षक विमल खंडेलवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी गाड़ी चालकों को नशे से दूर रहने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।

विमल खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जय सेवा फाउंडेशन के माध्यम से सभी मालवाहक गाड़ियों पर तिरंगा लगाया गया और घरों पर लगाने के लिए निशुल्क तिरंगे वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में हम जिन शहीदों के बलिदान के कारण सांस ले रहे हैं, उनके सपनों को साकार करने के लिए हमें आपसी विवाद से बचते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी को नशे से दूर रहने के लिए शपथ दिलाई।

पुलिस निरीक्षक सुनीता ने अपने वक्तव्य में कहा कि पुलिस विभाग नशा उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने ड्राइवरों को नसीहत दी कि यात्रा के दौरान किसी अनजान व्यक्ति को वाहन में न बैठाएं और विशेष रूप से महिलाओं के साथ अनावश्यक संपर्क से बचें, जिससे किसी भी प्रकार के अपराध या बीमारी के खतरे से बचा जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के नशा मुक्ति केंद्र में रहना, खाना और इलाज जैसी सभी सुविधाएं पूर्णतः निशुल्क उपलब्ध हैं।

रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के सभी वर्गों को मिलकर आगे आना होगा। उन्होंने बताया कि संस्था समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करा रही है, ताकि इस बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सके।

अंत में, पुलिस प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि परिवार और पूरे समाज का विनाश करता है। सभी नागरिक मिलकर इस अभिशाप से मुक्ति के लिए कदम बढ़ाएं और एक सुरक्षित, स्वस्थ एवं जागरूक भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में अन्य कई गणमान्य के अलावा रेड क्रॉस सोसाइटी के अमित कुमार परामर्शदाता , पूजा त्यागी, महादेव शर्मा,कम्युनिटी पुलिसिंग सेल फरीदाबाद से अमर, पुलिस विभाग से मुख्य सिपाही, रविंदर, हेड कांस्टेबल राहुल देव, हेड कांस्टेबल दीनदयाल, राहुल, महिला सिपाही मंजू, तथा ट्रांसपोर्ट ऑफिस के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!