अमर शहीद गुलाब सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की

फरीदाबाद, 23 अगस्त। लोधी राजपूत जनकल्याण समिति फरीदाबाद ने अपने कार्यालय पर अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी का 88 वां बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से समिति संस्थापक-महासचिव लाखनसिंह लोधी, अध्यक्ष रूप सिंह लोधी,भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष भगवान सिंह, पूर्व पार्षद मनवीर भड़ाना, जेडीयू के युवा राष्ट्रीय सचिव सचिन तंवर, सुनील यादव, अजब सिंह लोधी, संजीव कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उपस्थित समाज के लोगों को सम्बोधित करते हुए लाखनसिंह लोधी ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अनेक वीर वीरांगनाओं ने अदम्य साहस और शौर्य के साथ अपने प्राणों की बाजी लगाकर ब्रिटिश साम्राज्य के विरुद्ध खुला विद्रोह कर स्वतंत्रता की बलि-वेदी पर शहीद हो गए, इन्हीं शहीदों में क्रांतिवीर गुलाब सिंह लोधी का नाम शामिल है। इनका जन्म 3 मई 1903 को उन्नाव जिले के ग्राम चंद्रिका खेड़ा (फतेहपुर चौरासी) में श्रीराम रतनसिंह लोधी किसान परिवार में हुआ था। उस समय क्रांति की लहर पूरे देश में चल रही थी। युवा होते हुए गुलाब सिंह को लगा कि क्रांति के द्वारा ही स्वतंत्रता मिल सकती है। उन दिनों 23 अगस्त 1935 को लखनऊ के अमीनाबाद पार्क में (झण्डा सत्याग्रह आन्दोलन) कार्यक्रम रखा गया था, उन्नाव जिले के कई सत्याग्रह जत्थे झण्डा फहराने के लिए गए परन्तु सिपाहियों ने उन्हें खदेड़ दिया, झण्डा नहीं फहरा सके। इन्ही एक जत्थे में वीर गुलाब सिंह लोधी भी शामिल थे। अपनी जान की परवाह न करते हुए किसी प्रकार फौजी टुकडियों की नजर से बचकर पार्क में खड़े पेड़ पर चढऩे में सफल हो गए और झण्ड़ा फहरा दिया। जिसके बाद शहीद गुलाब सिंह को पेड़ पर ही कई गोलियां लगी और वह भारत माता की गोद में आ गिरे तथा 23 अगस्त 1935 को शहीद हो गए।
इस अवसर पर धर्मपाल सिंह लोधी, मनोज बालियान, अवधेश ओझा, पूनम शर्मा, गीता देवी, पारस नाथ, अर्जुन सिंह लोधी, रामसेवक लोधी, श्रीमती सुखदेवी, रामप्यारी, आशा लोधी, दीपक यादव, सुभाष चंद, अतुल सचदेवा सहित अन्य आदि उपस्थित रहे।



