डी ए वी स्कूल सैक्टर 37 फरीदाबाद के साथ मिलकर ट्विनिंग अर्थात मिलन कार्यक्रम आयोजित

फरीदाबाद : शिक्षा विभाग के आदेशानुसार राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा फरीदाबाद में प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा के निर्देशानुसार डी ए वी स्कूल सैक्टर 37 फरीदाबाद के साथ मिलकर ट्विनिंग अर्थात मिलन कार्यक्रम आयोजित किया। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड प्रभारी प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने बताया कि कक्षा नौवीं से बारहवीं की बारह छात्राओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। ट्विनिंग प्रोग्राम में भाग लेने हेतु छात्राओं को डी ए वी सैक्टर 37 ले जाया गया।

डी ए वी स्कूल के पर्यावरण विभाग के प्रवक्ता ने छात्राओं को पर्यावरण की मानव जीवन में भूमिका के विषय में बताया व पर्यावरण के महत्व विषय पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन कराया। खेल विभाग के प्रवक्ता ने छात्राओं को योग व खेलों के महत्व के बारे में बताया। डी ए वी स्कूल में छात्रों को प्राथमिक चिकित्सा के महत्व व प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी दी गई। पुस्तकालय विभाग के अध्यक्ष ने छात्राओं को पूरे शिक्षण संस्थान का भ्रमण करवाया और उनका मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर नवीन ऊंचाइयां प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने योग कक्ष, कप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय एवम सभी प्रयोगशालाओं का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम में प्रिंसिपल द्वारा छात्राओं को रिफ्रेशमेंट प्रदान कर उनका सम्मान किया।
डी ए वी स्कूल प्रिंसिपल ने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं और शिक्षिकाओं ममता गौड़ और सरिता का अभिनंदन किया। विद्यालय के प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने डी ए वी शिक्षण संस्थान का एवम समस्त शिक्षकों, पुस्तकालय अध्यक्ष का और विशेष रूप से प्रिंसिपल का ट्विनिंग कार्यक्रम में सहयोग और मार्गदर्शन करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा की छात्राओं को मिलन कार्यक्रम में भागीदारी के लिए जो आत्मविश्वास जगा है अग्रिम अध्ययन के लिए बहुत अधिक प्रभावी सिद्ध होगा।



