हरियाणा भवन में किया गया स्वर्गीय जगदीप दूहन की स्मृति में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

नई दिल्ली : सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में नियुक्त उपनिदेशक स्वर्गीय जगदीप दूहन की स्मृति में एक श्रद्धांजलि सभा हरियाणा भवन में आयोजित की गई। सभा में दिल्ली के मीडिया प्रतिनिधियों के अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अमित आर्य और मीडिया कोर्डिंनेटर मुकेश वशिष्ट ने भाग लिया। जगदीप दुहन का सोमवार को हृदय गति रुकने से स्वर्गवास हो गया था।

अमित आर्य ने स्वर्गीय जगदीप दुहन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की और कहा कि वे बेहद कर्मठ और कार्यदक्ष अधिकारी थे। उन्होंने कहा कि श्री दुहन के रूप में हरियाणा सरकार ने एक बेहद कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी और उन्होंने एक नजदीकी मित्र खो दिया है। सभा में अपने व्यक्तिगत अनुभव सांझा करते हुए अमित आर्य ने बताया कि जगदीप दुहन समय की परवाह न करते हुए दिन रात अपने काम में लगे रहते थे और हर काम को स्वयं करने में ही भरोसा रखते थे।

इस श्रद्धांजलि सभा में दिल्ली के कई जाने माने मीडिया संस्थानों के पत्रकार विजेंद्र बंसल, मुकेश वशिष्ट मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर, महिपाल सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक सूचना जनसंपर्क विभाग, एस अमृतपाल सिंह, गणेश चौहान, रवि यादव, हरप्रीत सिंह, कमल कंसल व कई महिला पत्रकार भी शामिल हुई। इन सभी ने श्री दुहन के साथ बिताए पलों को याद करते हुए उनके आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख जताया और उनके निधन को एक अपूर्णीय क्षति बताया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए श्री दुहन के परिवार को यह अपूरणीय क्षति सहने की ताक़त देने की भी प्रार्थना की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!