CEIR पोर्टल और डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से फरीदाबाद पुलिस ने बरामद किए 9 लाख रुपये से अधिक कीमत के 30 गुमशुदा मोबाइल फोन

एनआईटी जोन की साइबर सेल की तकनीकी कार्रवाई सफल, डीसीपी एनआईटी उत्तम ने वास्तविक मालिकों को सौंपे मोबाइल फोन

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस की एनआईटी जोन साइबर सेल ने तकनीकी दक्षता और डिजिटल ट्रैकिंग के प्रभावी उपयोग से 9 लाख रुपये से अधिक कीमत के 30 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। डीसीपी एनआईटी उत्तम ने अपने कार्यालय में बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। इस कार्रवाई से नागरिकों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस मिली है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए एनआईटी जोन की साइबर सेल ने केंद्र सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच के दौरान मोबाइल फोन के IMEI नंबर, नेटवर्क संबंधी जानकारी, डिजिटल ट्रैकिंग और उपलब्ध तकनीकी इनपुट का उपयोग कर मोबाइल फोन की पहचान की गई।

जांच के दौरान विभिन्न स्थानों पर मोबाइल फोन के उपयोग एवं उनकी उपलब्ध लोकेशन से संबंधित जानकारी के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस टीम 30 मोबाइल फोन बरामद करने में सफल रही। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 9 लाख रुपये से अधिक है।

लंबे समय से अपने मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके नागरिकों को जब उनके फोन मिले तो उन्होंने खुशी जाहिर की। मोबाइल फोन मालिकों ने फरीदाबाद पुलिस की तकनीकी कार्यप्रणाली और तत्परता की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।

मोबाइल गुम होने पर तुरंत दर्ज कराएं शिकायत

डीसीपी एनआईटी उत्तम ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल संबंधित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं और भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर भी अनुरोध प्रस्तुत करें। समय पर शिकायत दर्ज होने से मोबाइल फोन को ब्लॉक कराने, उसकी पहचान एवं बरामदगी के प्रयासों में सहायता मिलती है और उसके संभावित दुरुपयोग को रोकने में मदद मिलती है।

नागरिक अपने मोबाइल फोन का IMEI नंबर सुरक्षित रखें। फोन गुम होने की स्थिति में बैंकिंग, ई-मेल और अन्य संवेदनशील खातों की सुरक्षा सुनिश्चित करें, आवश्यकतानुसार सिम कार्ड ब्लॉक करवाएं तथा संबंधित खातों के पासवर्ड बदलें। मोबाइल फोन में मजबूत स्क्रीन लॉक का इस्तेमाल करें और अपनी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

फरीदाबाद पुलिस आमजन की डिजिटल एवं व्यक्तिगत संपत्ति की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!