तीन दोस्तों की गोली मारकर हत्या !

गुड़गांव ! गुड़गांव के बसई गांव व भवानी एनक्लेव में रहने वाले तीन दोस्तों की गुरुवार देर शाम को गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले एक दोस्त की हत्या की, इसके बाद बाकि के दो को गोली मारी। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामला प्लॉट विवाद से जुड़ा है। जिसमें दो गुट आमने-सामने थे। वारदात गुरुवार शाम की है। बसई गांव की वाल्मीकि चौपाल के पास गांव का समीर (18) पैदल जा रहा था। तभी कार और बाइक पर सवार होकर गांव के ही कुछ युवक आए। उन्होंने आते ही समीर पर 4 से 5 राउंड फायर कर दिए। समीर को गोली मारकर वे कार में फरार हो गए।

इसके बाद आरोपी सेक्टर-9 की सीआरपीएफ सोसाइटी के गेट के पास पहुंचे। यहां पल्सर बाइक लिए समीर के दो अन्य दोस्त अनमोल और सन्नी खड़े थे। आरोपियों ने आते ही फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग होती देख अनमोल और सन्नी बाइक वहीं फेंककर भाग निकले।

अनमोल ग्राउंड की तरफ भागा, जबकि सन्नी सोसाइटी के अंदर भागा। हमलावरों ने अनमोल को सामने से गोली मारी जबकि सन्नी के पीछे वे भागते हुए सोसाइटी में घुस गए। वे लगातार फायरिंग कर रहे थे। अंदर जाकर उन्होंने सन्नी को पीछे से गोली मार दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। आसपास के लोग तीनों को अस्पताल लेकर गए लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

एक युवक ने भागकर बचाई जान : हमले के वक्त एक अन्य युवक अंग्रेज भी सन्नी और अनमोल के साथ खड़ा था। फायरिंग होने पर वह भी भाग निकला था। सन्नी के साथ वह भी सोसाइटी में घुसा था लेकिन वह सीढ़ियों में इतना ऊपर चढ़ गया कि हमलावर उसे पकड़ नहीं सके, इस वजह से उसकी जान बच गई।

दो गुटों का है झगड़ा : तीन युवकों की हत्या किए जाने के पीछे दो गुटों का झगड़ा बताया जा रहा है। मारने वाले बदमाश व जिनकी हत्या हुई, दोनों ही अलग-अलग गुटों से संबंध रखते हैं। दोनों गुटों के पीछे पिछले कई साल से रंजिश चल रही है। इस मामले का खुलासा पुलिस के सामने इस हमले से बचकर भागे अंग्रेज नामक युवक ने किया है। वहीं पुलिस भी हत्यारों को पकड़ने के लिए धरपकड़ तेज कर दी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!