बेटे ने पिता को गोली मारी, मौत

मेरठ, 7 मार्च : उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में रात एक युवक ने लाइसेंसी बंदूक से अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को घर के एक कमरे में बंद कर लिया और पुलिस पर भी गोलीबारी की, बाद में आरोपी को पकड़ लिया गया।

पुलिस ने बताया, ‘‘सर्राफा व्यवयासी विनोद कुमार वर्मा की उनके बेटे किशन ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद को घर के कमरे में बंद कर लिया था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।’’

थाना ब्रह्मपुरी पुलिस के अनुसार विनोद कुमार वर्मा (65) परिजनों के साथ ब्रह्मपुरी में रहते थे। उनकी विनोद कुमार एंड संस के नाम से दुकान है। दुकान पर बड़ा बेटा किशन वर्मा भी बैठता है। शनिवार रात पौने नौ बजे विनोद और किशन में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान किशन ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पिता को गोली मार दी। परिजन विनोद को तत्काल केएमसी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!