शराब ठेकेदार के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग !

रोहतक ! रोहतक के महम कस्बे के गांव बलंभा बूचान में दो पक्षों के बीच अवैध शराब बेचने को लेकर झगड़ा हो गया। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के 11 लोग शराब ठेकेदार के घर में घुस गए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गनीमत यह रही कि ठेकेदार ट्रैक्टर के पीछे छिप गया, जिससे उसकी जान बच गई। आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने ठेकेदार के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जो पड़ोसियों ने बनाया है। इस वीडियो में फायरिंग की आवाज साफ सुनाई दे रही है।
ये है विवाद : शराब ठेकेदार बलराज उर्फ बल्लड़ का गांव में ही शराब का ठेका है। उसका आरोप है कि गांव का ही पंटू और सुरेश अवैध रूप से शराब बेचते हैं। आरोप है कि शनिवार को वे एक शराब की पेटी लेकर जा रहे थे। बलराज ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान उनकी कहासुनी हो गई। झगड़ा ज्यादा बढ़ गया। हालांकि झगड़े के बाद भी पंटू और सुरेश वहां से चले गए।
आरोप है कि कुछ देर के बाद कुल 11 लोग वहां पहुंचे, जिन्हें पंटू और सुरेश लेकर आए थे। उन्होंने आते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सबसे पहले दो फायर घर के गेट पर किए। बलराज उस वक्त अपने बच्चों के साथ कमरे में बैठा था। फायरिंग सुनकर वह घबरा गया। उसने आनन-फानन में बच्चों को घर के अंदर रहने के लिए कहा और दरवाजा बंद करके खुद बाहर आ गया। बलराज के कमरे के बाहर आते ही आरोपियों ने उस पर भी फायरिंग शुरू कर दी। गनीमत यह रही की बलराज ट्रैक्टर के पीछे छिप गया। आरोपियों के दो फायर ट्रैक्टर को भी लगे।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। छतों पर लोग चढ़ गए। ऐसा देख आरोपियों को लगा कि गांववाले उन्हें घेर न ले। इसके चलते वे वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही महम से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसएचओ नवीन जागड़ का कहना है कि शराब ठेकेदार बलराज के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।



