हरियाणा की युवती चाहती है सहेली से शादी करना, अदालत में बोलीं आप करा दीजिए !

रोहतक। हरियाणा की युवती ने दिल्ली निवासी सहेली से शादी रचाने के लिए रोहतक कोर्ट से मंजूरी मांगी है। दोनों युवतियां कोर्ट पहुंची और सुरक्षा की मांग की। दोनों ने कोर्ट में कहा की सभी को अपनी जि़ंदगी जीने का अधिकार है। हम दोनों एक-दूसरे की साथी हैं। हमें शादी करने की अनुमति दी जाए। कोर्ट के आदेश पर दोनों को सेफ हाउस में भेजा गया है, क्योंकि लड़कियों ने परिवार से जान का खतरा भी बताया है। सुरक्षा के लिए ही उन्होंने सेशन कोर्ट में अपील की थी। कोर्ट और पुलिस ने उन्हें पूरी सुरक्षा का आश्वासन दिया है। हालांकि पहले दोनों युवतियों के परिवार वाले इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। लेकिन अब रोहतक निवासी युवती का परिवार मान गया है। इसलिए दोनों युवतियां सेफ हाउस से रोहतक स्थित घर चली गई हैं। शहर निवासी लडक़ी ने दिल्ली की लडक़ी के साथ शादी करने के लिए कोर्ट से मंजूरी मांगी है। दोनों के परिवारवालों के बयान दर्ज किए गए हैं। दोनों लड़कियां सेफ हाउस में रह कर जा चुकी हैं। हालांकि परिवार उनकी शादी से असहमत हैं, लेकिन दोनों को परिवार से किसी प्रकार का खतरा नहीं है।

ये है मामला : पुरानी सब्जी थाना क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय लडक़ी की दिल्ली निवासी 22 वर्षीय लडक़ी के साथ गहरी दोस्ती है। दोनों लडक़ी दूर की रिश्तेदारी के माध्यम से आपस में मिलती रही हैं। इस दौरान दोनों ने आपस में शादी करने का निर्णय ले लिया। जब उनके परिवार को इस बात का पता चला तो उन्होंने सख्त विरोध जताया। उन्हें ऐसा करने से रोका गया। लेकिन परिवार के विरोध का लड़कियों पर कोई असर नहीं पड़ा। इस बीच दिल्ली से लडक़ी रोहतक आ पहुंची। दोनों साथ कोर्ट पहुंची और शादी के लिए मंजूरी मांगी। कोर्ट ने लड़कियों के बयान दर्ज किए, जिसमें उन्होंने कहा है कि वे बिना किसी दबाव के आपस में शादी करना चाहती हैं।

कोर्ट के आदेश पर पुलिस को दोनों की सुरक्षा के आदेश दिए गए। उन्हें सेफ हाउस भेजा गया। फिर पुलिस ने लड़कियों के परिवारवालों के बयान भी दर्ज किए। लड़कियों का कहना है कि सभी को अपनी मर्जी से जीने का अधिकार है। कानून ने उनको भी यह हक दिया है। वह अपना जीवन अपनी मर्जी से जीना चाहती हैं। वह हर सुख-दुख में एक दूसरे का साथ निभाएंगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!