एन एच 3 बालिका विद्यालय में पौधरोपण अभियान

फरीदाबाद : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद में सेवानिवृत चिकित्सक एस पी मित्तल के सौजन्य से विद्यालय की सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, जूनियर रेडक्रॉस और गाइडस ने विद्यालय में पौधरोपण अभियान चलाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि पौधरोपण अभियान में फूलों वाले, हेज एवं छायादार पौधे लगाए गए। जूनियर रेडक्रॉस और सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड प्रभारी प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि इस से पूर्व में भी विद्यालय में दो सौ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। आज विद्यालय के समस्त स्टाफ ने सेवानिवृत डॉक्टर एस पी मित्तल, अध्यापक सूबे सिंह, संजय मिश्रा तथा स्टाफ सदस्यों, प्रवीण कुमार सहित अन्य अध्यापकों ने पौधे प्राप्त कर पौधरोपण करने में सहयोग किया।
प्राचार्य रविन्द्र कुमार ने कहा कि पौधे हमारे जीवन के आभूषण है ये धरती मां का श्रृंगार हैं जितने अधिक पौधे हम रोपित करेंगे हम सभी के लिए उतना ही ज्यादा अच्छा रहेगा। हम पौधरोपण एक अभियान के रूप में शुरू कर अपने अस्तित्व पर उपकार कर सकते हैं। मानव का विकास निरंतर जंगलों, गुफाओं, पहाड़ियों, झरनों से ही हुआ है। तो विकास की इस दौड़ में हम आज कंक्रीट के जंगल का निर्माण करने में लगे हुए हैं। डॉक्टर एस पी मित्तल ने कहा कि वर्तमान स्थिति यहां तक आ पहुंची है कि हमने अपने विकास और स्वार्थ के लिए पेड़ों को काट-काटकर स्वयं अपने लिए ही विषम स्थिति पैदा कर ली है। अंधाधुंध होने वाली कटाई से जो दुष्परिणाम हमारे सामने आ रहे हैं, वे भी कम चौंकाने वाले नहीं हैं। इसकी कल्पना मात्र से ही सिहरन हो उठती है। घटते और बढ़ते तापमान, अधिक वर्षा, आंधी, तूफान, बाढ़, सूखा, भूमिक्षरण जैसी प्राकृतिक विभिषिकाओं से जूझता मानव संभवतः अब पेड़ों के महत्व को समझने और महसूस करने लगा है। तभी पेड़ों के संरक्षण की दिशा में सोच बढ़ी है।
प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने आज पौधरोपण अभियान में सहयोग करने के लिए डॉक्टर मित्तल, सूबे सिंह, विद्यालय की प्राध्यापिका ललिता, पूनम, जसनीत, सोनिया, प्रियंका, अमृत कौर, रामकृपाल तथा तिलकराज सहित अन्य सभी का आभार व्यक्त किया। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने कहा कि डॉक्टर एस पी मित्तल के सहयोग से विद्यालय में आज हेज, फाइकस, मोगरा, मोतिया, गुलाब, चांदनी आदि के 140 पौधे सभी अध्यापकों के साथ मिलकर लगाए गए। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने सभी अध्यापकों और बालिकाओं से पौधरोपण में सहयोग करने और इन की परवरिश करने की अपील की।



