कृषि सुधार कानूनों से किसान होगा सशक्त और बढ़ेगी किसान की आय : लेफ्टिनेंट जनरल डी पी वत्स

फरीदाबाद 3 सितम्बर : भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा की अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी जिला फरीदाबाद के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और मोर्चों के जिला अध्यक्षों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में राज्य सभा सांसद लेफ्टिनेंट जनरल डी पी वत्स, प्रदेश सचिव रेणु भाटिया, जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल, डॉ. आर एन सिंह मुख्य तौर पर उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बैठक में संगठनात्मक विषयों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री कैप्टन अभिमन्यु सिंह के दो दिवसीय प्रवास के विषय में कार्यकर्ताओं से विस्तृत चर्चा की गई।
कैप्टन अभिमन्यु के दो दिवसीय प्रवास के दौरान बूथ अध्यक्षों, शक्ति केन्द्र प्रमुखों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चों के जिला पदाधिकारियों, प्रकोष्ठों के संयोजको और जिला पदाधिकारियों के साथ बैठकों का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई।
राज्य सभा सांसद लेफ्टिनेंट जनरल डी पी वत्स ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के सामने रखा। कृषि कानून पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कृषि कानून किसानों को सशक्त करने और उनकी आय बढ़ाने के लिए बनाए गए हैं। एक देश एक मंडी की व्यवस्था कर किसानों को फसल का अधिक मूल्य देने का काम किया है। हरियाणा में 10 फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य, गन्ने का भाव, किसानों को इन्सेन्टिव सबसे ज्यादा दिया जा रहा है। प्रदेश का किसान टोल नाकों पर नहीं खेत में कार्य कर अपनी फसल उगा रहा है। कृषि कानूनों पर विपक्षी पार्टियां भ्रांति फैला कर अपनी राजनैतिक जमीन तलाशने और अपना राजनैतिक उल्लू सीधा करने का प्रयास कर रहीं हैं।
विदेश नीति के ऊपर बोलते हुए उन्होंने कहा नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में आज भारत का मान बढ़ा है। भारत को भावी आर्थिक ताकत के रूप में देखा जा रहा है। अपनी मज़बूत विदेश नीति के कारण पूरे विश्व के शक्तिशाली देश आज भारत के साथ खड़े हैं। मोदी जी ने अपनी मजबूत विदेश नीति के कारण चीन और पाकिस्तान को विश्व स्तर पर अलग-थलग करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि नेहरू की गलत पॉलिसी के कारण हमारी सीमाओं पर खतरा बढ़ा है। देश की सीमाओं और देश के सैनिकों को सशक्त करने का कार्य नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सरकार द्वारा किया जा रहा है। धारा 370 को हटाकर जम्मू कश्मीर का भारत में सम्पूर्ण विलय करने का कार्य किया और धारा 370 के हटने से जम्मू कश्मीर में ख़ुशहाली के रास्ते खुले तथा आंतंकवाद पर लगाम लगाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में कोरोना काल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराकर लोगों की जान बचाने का कार्य किया गया।
बैठक में जिला विस्तारक ललित बंसल, जिला उपाध्यक्ष लखमी चंद भारद्वाज, बिजेंद्र नेहरा, मान सिंह, जिला सचिव मुकेश अग्रवाल, रवीन्द्र त्यागी, सुनीता भगेल, पुनीता झा, भारती भाकुनि, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, सोशल मीडिया सह संयोजक प्रिया सहगल, मोर्चों के जिला अध्यक्ष सुखबीर मलेरना, लाजर रणजीत सेन, राजबाला सरधाना, पंकज सिंगला, भगवान सिंह, नरेश नंबरदार, मंडल अध्यक्ष, जिला मीडिया टीम के सदस्य मुनिराज भामरी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



