डिवाइन चैरिटेबल ब्लड बैंक के सहयोग से 125 एचआईवी मरीजों व अन्य लोगों को सूखा राशन वितरित किया

फरीदाबाद, 30 अप्रैल। जिला रेडक्रास सोसायटी ने डिवाइन चैरिटेबल ब्लड बैंक के सहयोग से वीरवार को बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन 125 एचआईवी मरीजों व अन्य लोगों को सूखा राशन वितरित किया। इस मौके पर रेडक्रास के सचिव विकास कुमार, सहायक पुरुषोत्तम सैनी, प्रोजेक्ट डायेक्टर मधु भाटिया, डिवाइन चैरिटेबल ब्लड बैंक के प्रधान दर्शितम गोयल, मैनेजिंग ट्रस्टी स्वाति चंडाक, डायरेक्टर प्रांची तथा सुशील कुमार आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस मौके पर रेडक्रास के सचिव विकास कुमार ने कहा कि लाॅकडाउन के दौरान किसी भी व्यक्ति को भूखा नहीं रहने दिया जाएगा और सोसायटी हर जरूरतमंद व्यक्ति के पास पहुंचकर खाना उपलब्ध कराने का भरसक प्रयत्न कर रही है। उन्होंने कहा कि संकट के इस दौर में प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और हर समय देशसेवा के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक व धार्मिक संगठन को भी जरूरतमंदों व गरीब लोगों की मदद को आगे आना चाहिए। रेडक्रास सोसायटी सभी प्रकार से लोगों की मदद को पूरी तरह प्रयासरत है और उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने देगी। विकास कुमार ने लोगों से अपील की कि जागरूक रहकर ही कोरोना महामारी पर काबू पाया जा सकता है।
वहीं रेडक्रास सहायक पुरुषोत्तम सैनी ने आम जनमानस से आग्रह किया कि कोरोना महापारी पर विजय पाने के लिए आवश्यक है कि लोग लाॅकडाउन का ईमानदारी से पालन करें। घरों से बाहर न निकलें। बार-बार साबुन से अपने हाथों को धोते रहें और सैनेटाइजर करते रहें और घरों में भी कम से कम एक-एक मीटर के फासले पर दूरी बनाकर रहें क्योंकि बचाव में ही बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि अगर सभी इन उपायों का पालन करेंगे तो उम्मीद है हम जल्द ही इस बीमारी से काबू पा लेंगे और सामान्य जीवन बिता सकेंगे। ब्लड बैंक के पदाधिकारियों ने भी जिलेवासियों ने सरकार की सभी हिदायतों का सख्ती से पालन करने का अनुरोध किया ताकि हम सभी जल्द से जल्द कोरोना महामारी पर विजय प्राप्त कर सकें।



