प्रियंका और राहुल ने हमारी आपत्तियां दूर करने का भरोसा दिया; राजनीति में निजी दुश्मनी को जगह नहीं : पायलट

जयपुर ! राजस्थान की सियासी उठापटक आखिरकार 32वें दिन खत्म हो गई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी से सोमवार को मुलाकात के बाद बागी नेता सचिन पायलट और उनके गुट के 18 विधायक मान गए। पायलट ने कहा कि राहुल और प्रियंका ने हमारी बात शिकायतों को ध्यान से सुना और आपत्तियां दूर करने के लिए रोडमैप तैयार करने का भरोसा दिया है। पायलट ने ये भी कहा कि राजनीति में निजी दुश्मनी की कोई जगह नहीं होती।पायलट की आलाकमान से दो घंटे बातचीत हुई थी। उनसे कहा गया कि और बागियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। इस दौरान बागी विधायकों को उनके पद दोबारा देने और कमेटी गठित करने जैसे समझौतों पर भी बात हुई। इसके बाद पायलट ने ट्वीट कर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को शुक्रिया कहा था।

पायलट ने कहा- लड़ाई आदर्शों पर थी : सचिन पायलट ने कहा, ‘‘लंबे समय से कुछ मुद्दों को मैं उठाना चाहता था। शुरू से ही कह रहा हूं कि ये लड़ाई आदर्शों पर थी। मैंने हमेशा ही सोचा था कि पार्टी हित में इन मुद्दों को उठाना जरूरी है। सोनिया जी ने परेशानियों और सरकार की समस्याओं को सुना। लगता है कि जल्द ही मुद्दों को हल किया जाएगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जिन लोगों ने मेहनत की है, उनकी सरकार में भागीदारी हो। लड़ाई पद के लिए नहीं, आत्मसम्मान के लिए थी। पार्टी पद देती है, तो पार्टी पद ले भी सकती है। उन्होंने कहा कि जो वादे सत्ता में करके आए थे, वो पूरा करेंगे।’’

‘सोनिया-राहुल ने मेरी बात सुनी’ : पायलट ने कहा, ‘‘मेरे खिलाफ बहुत कुछ कहा गया। मैंने आलाकमान को सब बताया है। मुझे खुशी है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी ने मेरी बात सुनी। पिछले कुछ समय से हमारे साथी विधायक दिल्ली आए हुए थे। हम लोगों के सरकार और संगठन के कई मुद्दे थे, जिन पर हम बात करना चाहते थे। व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए कुछ ऐसी बातें बोली गईं जिस पर मुझे आश्चर्य हुआ। मुझे भरोसा दिया गया है कि तीन सदस्यीय कमेटी बनाकर जल्द ही उन तमाम मुद्दों का निराकरण किया जाएगा, जो हमने उठाए हैं।’’

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!