फरीदाबाद में 4 बच्चे कृत्रिम झील पर नहाने पहुंचे, डूबने से दो की मौत

फरीदाबाद ! लॉकडाउन के कारण घर में बैठकर बोर हो रहे 4 बच्चे रविवार को चुपके से अपने घर से निकलकर पैदल अरावली के जंगल में गुरुकुल के पास बने कृत्रिम झील पहुंच गए। वहां दो बच्चों ने उतरकर नहाना शुरू कर दिया। झील अधिक गहरी होने के कारण दोनों बच्चे उसमें डूबकर मर गए। उनके साथियों ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को निकालकर दिल्ली अस्पातल में लेकर चले गए जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर फरीदाबाद पुलिस दिल्ली अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को देर रात फरीदाबाद के बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

सोमवार को दोनों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया। मृतक बच्चों की पहचान चुंगी नंबर दो, लालकुआ, नई दिल्ली निवासी समीर पुत्र सुनील(14) और अमन पुत्र जमील(11) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक समीर आठवीं और अमन छठीं क्लास में पढते थे। जानकारी के अनुसार एक ही मोहल्ले के चार बच्चे समीर, अमन, सौरभ और शाहिद एक साथ रविवार को अपने अपने घर से बगैर बताए घूमने निकले थे। चारो घूमते हुए पैदल यहां अरावली के जंगल में ध्रुवा डेरा गुरुकुल के पास बनी कृत्रिम झील पर पहुंच गए। जहां ये हादसा हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!