भगवती ट्रांसपोर्ट ऑक्सीजन ट्रक संचालकों को रोजाना भोजन कराएगा

फरीदाबाद : कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ऐसी कई ख़बरें वीडियो और तस्वीरों के माध्यम से सामने आईं जिसमें आक्सीजन की कमी के चलते लोगों को बेहद परेशानी उठानी पड़ी। वहीं सरकार के द्वारा आक्सीजन एक्सप्रेस चलवाकर आक्सीजन के बड़े-बड़े टैंकर भारत के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचाये गए। इसी कड़ी में दिल्ली से सटे फरीदाबाद के रेलवे स्टेशन पर भी ऐसे कई दर्जनों आक्सीजन से भरे हुए टेंकर के ट्रक खड़े हुए हैं। वहीं कोरोना वारियर की तरह इन सभी टैंकरों के चालक भीषण गर्मी में भी दिन-रात लोगों की सेवा के लिए तैनात है। वहीं इन कोरोना वारियर्स के भोजन की जि़म्मेदारी रेलवे के अंतर्गत है, लेकिन फरीदाबाद के रेलवे स्टेशन पर दर्जनों कोरोना वारियर्स का भोजन रेलवे के एक कथित मैनेजर के द्वारा बंद कर दिया गया है।
तो अब आपको बताते है की आखिरकार पूरा मामला क्या है :
दरअसल भगवती ट्रांसपोर्ट के संचालक रिंकू मदान करीब दो दिन पहले रात को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन की तरफ से जा रहे थे। उन्होंने यहां पर आक्सीजन एक्सप्रेस के तहत लोगों की सेवा कर रहे चालकों से बातचीत की। उन्हें महसूस हुआ की उन्हें अच्छा भोजन करवाना चाहिए। सेवाभाव के चलते उन्होंने अच्छी गुणवत्ता वाला भोजन इन्हें करवा दिया। जिसके बाद रेलवे वालों की तरफ से पता चला की कथित मैनेजर ने इस बात से चिढक़र उनका भोजन जो की रेलवे की तरफ से दिया जा रहा था उसे बंद कर दिया गया है।
इन कोरोना वारियर्स (ट्रक संचालकों) ने अपनी समस्या के बारे में भगवती ट्रांसपोर्ट के संचालक रिंकू मदान एवं युवा सामजसेवी साहिल नम्बरदार को बताया। इनकी समस्या को सुन भगवती ट्रांसपोर्ट के संचालक रिंकू मदान एवं युवा सामजसेवी साहिल नम्बरदार ने ठाना कि आक्सीजन ट्रक संचालकों को वह रोजाना भोजन कराएंगे। उन्होंने उन्हें आश्वासन दिया की वह जब तक यहां हैं तब तक उन्हें भोजन की कमी नहीं होने दी जायेगी। वहीं इन ट्रक संचालकों ने भगवती ट्रांसपोर्ट के संचालक रिंकू मदान का धन्यवाद किया।



