संसद की सुरक्षा में सेंध की कोशिश नाकाम, चाकू लेकर घुसने की कोशिश में युवक गिरफ्तार
नई दिल्ली, एजेंसी। Breach in security of Parliament संसद परिसर में चाकू लेकर घुसने की कोशिश कर रहे एक शख्स को सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते ही गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि युवक बाइक पर सवार था। वह संसद के गेट संख्या-1 के पास रुक कर चाकू लहराने लगा जिसके तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने फोन करके पुलिस को सूचना दी। संदिग्ध शख्स को संसद मार्ग पुलिस थाने ले जाया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
राम रहीम के पक्ष में नारेबाजी
संदिग्ध शख्स की पहचान सागर इंसा के तौर पर हुई है। वह लक्ष्मी नगर का रहने वाला बताया जा रहा है। गेट नंबर एक पर चाकू लहराने वक्त कुछ लोग आरोपी युवक का वीडियो भी बना रहे थे। यह भी बताया जाता है कि चाकू लहराता हुआ वह गेट नंबर एक से भीतर दाखिल होने की कोशिश करने लगा लेकिन से संसद की सुरक्षा में लगे जवानों ने उसे पकड़ लिया। बताया जाता है कि चाकू लहरा रहा आरोपी राम रहीम के पक्ष में नारेबाजी भी कर रहा था। पुलिस ने संदिग्ध युवक की गाड़ी भी जब्त कर ली है।
गुरमीत राम रहीम का समर्थक
सूत्रों के मुताबिक संदिग्ध व्यक्ति जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम का समर्थक है। संसद में वह किसलिए आया था और परिसर में दाखिल होने का क्या उद्देश्य था। इसके बारे में अभी कोई जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। ऐसा नहीं है कि यह संसद की सुरक्षा में सेंध का पहला मामला है। इससे पहले साल 2016 में आप सांसद भगवंत मान पर संसद की सुरक्षा से खिलवाड़ करने के कथित आरोप लगे थे। उस वक्त संसद के भीतर का एक कथित वीडियो भी सामने आया था।
साल 2001 में हुआ था हमला
13 दिसंबर 2001 को संसद भवन में आतंकी हमला हुआ था। उस वक्त लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के हथियारबंद आतंकियों संसद के भीतर घुसने की कोशिश की थी लेकिन हमारे मुस्तैद सुरक्षा बलों ने उनके नापाक इरादों को कामयाब होने नहीं दिया था। आतंकियों का सामना करते हुए दिल्ली पुलिस के पांच जवान, सीआरपीएफ की एक महिला कांस्टेबल और संसद के दो गार्ड शहीद हो गए थे। इस मुठभेड़ में 16 जवान गंभीर रूप से जख्मी भी हो गए थे।