बल्लभगढ़ जोन में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, विशेष अभियान में 690 चालान

बिना नंबर प्लेट वाले 218 और HSRP के बिना चल रहे 455 वाहनों के काटे चालान, ड्रिंक एंड ड्राइव के 15 मामले भी पकड़े

  • डीसीपी प्रतीक अग्रवाल के निर्देशन में 21 से 25 अक्टूबर तक चला विशेष अभियान

फरीदाबाद, 28 अक्टूबर। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बल्लभगढ़ जोन में विशेष अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल के निर्देशन में 21 से 25 अक्टूबर तक चलाए गए इस अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 690 चालान किए।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अभियान के तहत बल्लभगढ़ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों और पुलिस चौकियों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाले 218 वाहनों के चालान किए गए, जबकि बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के चल रहे 457 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने के 15 मामले सामने आने पर संबंधित वाहन चालकों के चालान किए गए।

उन्होंने आगे बताया कि अभियान के दौरान थाना शहर बल्लभगढ़ क्षेत्र में सबसे अधिक 221 चालान किए गए। इसके अलावा थाना सेक्टर-8 क्षेत्र में 185, थाना छायंसा में 113, थाना तिगांव में 84, थाना सदर बल्लभगढ़ में 82 और थाना आदर्श नगर क्षेत्र में 5 चालान किए गए।

फरीदाबाद पुलिस की वाहन चालकों से अपील है कि वे अपने वाहनों पर नियमानुसार नंबर प्लेट और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने विशेष रूप से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की हिदायत देते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!