पशु तस्कर गोलियां चलाते रहे, पत्थर बरसाते रहे लेकिन गौरक्षक व पुलिस मुस्तैदी के साथ तस्करों का पीछा करते रहे, छुड़ाए 6 पशु

फरीदाबाद : धौज में पशु चोरी कर भाग रहे तस्करों से पुलिस की भिड़ंत हो गई। मौके से भाग रहे तस्करों ने पुलिस टीम के साथ-साथ गोरक्षकों पर फायरिंग की व जमकर पत्थर बरसाए। पुलिस व गौरक्षकों ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर तस्करों से 6 पशु छुड़वाए। वहीं तस्कर मौके देखकर वहां से फरार हो गए, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।


धौज थाने में कार्यरत सब-इंस्पेक्टर गुणपाल ने बताया कि सुबह लिव फॉर नेशन संगठन के पदाधिकारी अनिल कौशिक की टीम द्वारा सूचना दी गई कि कुछ पशु तस्कर एक पिकअप गाड़ी में चोरी के पशुओं को लेकर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुख्य सडक़ों पर नाकेबंदी की, वहीं लिव फॉर नेशन संगठन के सदस्यों की मदद से तस्करों का पीछा करना शुरू किया। इस दौरान तस्करों की पिकअप कई गांवों में घूमती हुई फिर दोबारा सोहना रोड पर आ गई। दोनों तरफ से घिरे तस्कर फिर से गाड़ी को गांव में लेकर चले गए।

अनिल कौशिक ने बताया कि पुलिस व उनकी टीम आरोपियों का पीछा करती रही, उन पर फायरिंग व पत्थरबाजी भी की जाती रही। लेकिन उन्होंने पीछा करना नहीं छोड़ा। इस दौरान तस्करों ने अपने आपको घिरता देख व पुलिस से बचने के लिए धौज इलाके में पडऩे वाले आलमपुर गांव में पिकअप गाड़ी लेकर घूस गए और वहीं पर वह गाड़ी छोडक़र फरार हो गए। पुलिस ने पिकअप गाड़ी को जब्त कर उसमें करीब 6 पशुओं को बाहर निकाला। सभी पशुओं को नजदीकी गौशाला में भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



