हाड़ौती अधिकार के कार्यालय में चोरी, जरूरी कागजात व नकदी पर किया हाथ साफ

फरीदाबाद। हिन्दी दैनिक ‘हाड़ौती अधिकार’ समाचार पत्र के कार्यालय को बीती रात चोरों ने अपना निशाना बनाते हुए अखबार की फाइलों व जरूरी कागजातों के साथ ही करीब 34 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस संबंध में थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रपट दे दी गई है।
अखबार के प्रबंध संपादक उत्तमराज ने बताया कि चोरी की घटना का उस समय पता चला जब आज सुबह सफाईकर्मी कार्यालय में सफाई के लिए पहुंची। उन्होंने चोरी की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम व संबंधित पुलिस थाने को दी गई। पुलिस ने मौका-मुआयना कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
वहीं चोरी की घटना के बारे में जानकारी मिलने पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता योगेश ढींगड़ा व फरीदाबाद नगर निगम के पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर मुकेश शर्मा हाड़ौती अधिकार के बीके चौक स्थित कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे अखबारों के दफ्तरों को भी नहीं बख्श रहे हैं तो आम आदमी की बात ही क्या की जाए। इससे पहले भी उक्त कार्यालय में चोरी की घटना हो चुकी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि इस संबंध में त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित अपराधियों पर कार्यवाही की जाए।



