घर में अवैध रूप से बेचने के लिए रखे थे 83 किलो पटाखे, क्राइम ब्रांच ने आरोपी को दबोचा
क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने न्यू तिलपत कॉलोनी में की कार्रवाई, घर से भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद

फरीदाबाद : आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर अवैध रूप से पटाखों के भंडारण एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। जिसके चलते क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने न्यू तिलपत कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए घर में अवैध रूप से पटाखे रखकर बेचने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से 83 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहताश (55 वर्ष), निवासी न्यू तिलपत कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 14 सितम्बर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि न्यू तिलपत कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपने घर में अवैध रूप से बिक्री के लिए पटाखे छिपाकर रखे हुए हैं।
सूचना के मद्देनजर क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्काल कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर पहुंचकर आरोपी रोहताश को उसके घर से काबू कर लिया। तलाशी के दौरान घर से 83 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इन पटाखों को आगरा, उत्तर प्रदेश से करीब 20 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। आरोपी इन्हें त्योहारी सीजन में अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था।
फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि अवैध रूप से पटाखों का भंडारण या बिक्री करने वालों की सूचना फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल नंबर 9999150000, 129-2227200, डायल 112 या फिर स्थानीय पुलिस को दें। सूचना देने वाले की जानकारी गुप्त रखी जाएगी।



