‘ऑनलाइन क्लास’ ले रही थी छात्रा, कुछ टाइम बाद आत्महत्या !

नोएडा (उप्र), 8 जून : बिसरख थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय एक छात्रा ने दोपहर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना बिसरख की प्रभारी निरीक्षक अनीता चौहान ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र स्थित ‘पाल वेली’ सोसाइटी में रहने वाले देवेंद्र सिंह की 14 वर्षीय बेटी उमा नौवीं कक्षा की छात्रा थी। वह अपने कमरे में ‘ऑनलाइन क्लास’ ले रही थी, उसका बड़ा भाई जब उसके कमरे में गया, तो उसने दरवाजा बंद पाया। दरवाज ना खोले जाने पर भाई ने दरवाजा तोड़ा और अंदर जाकर देखा तो उमा ने पंखे से फंदा लगा लिया था। उसे ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।



