परिसर में हिंसा बर्दाशत नहीं की जाएगी : जेएनयू प्रशासन

नयी दिल्ली : जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रशासन ने कहा कि परिसर में किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और छात्रों को ऐसी किसी भी घटना में शामिल नहीं होना चाहिए जिससे शांति एवं सद्भाव भंग हो।

गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के कावेरी छात्रावास में वामपंथी छात्र संगठनों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से संबद्ध दो समूहों के बीच ‘मेस’ में रामनवमी पर कथित तौर पर मांसाहारी भोजन को लेकर रविवार को झड़प हो गई थी। पुलिस ने बताया कि घटना में छह छात्र घायल हुए हैं।

रजिस्ट्रार ने छात्रों से एक आधिकारिक अपील में कहा, ‘‘ घटना को गंभीरता से लेते हुए कुलपति, रेक्टर व अन्य अधिकारियों ने छात्रावास का दौरा कर छात्रों से मुलाकात की। कुलपति ने उनसे कहा कि परिसर में किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और छात्रों को शांति तथा सद्भाव बनाए रखना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ जेएनयू प्रशासन, परिसर में किसी भी प्रकार की हिंसा के प्रति ‘कतई बर्दाश्त नहीं’ के अपने संकल्प को दोहराता है। छात्रों को ऐसी घटनाओं में शामिल होने से बचने की भी चेतावनी दी जाती है जिससे परिसर में शांति और सद्भाव भंग हो। यदि कोई इस तरह के कृत्य में लिप्त पाया जाता है तो विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।’’

पुलिस के अनुसार, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!