एनपीटीआई में विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में लगा रक्तदान शिविर
विद्यार्थियों अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से बढ-चढ़कर किया रक्तदान

फरीदाबाद : विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में विद्युत मंत्रालय के राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (एनपीटीआई) कॉरपोरेट कार्यालय सेक्टर-33 में ईएसआई मेडिकल कॉलेज के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से बढ-चढ़कर रक्तदान किया। इस साल 14 जून विश्व रक्तदाता दिवस पूरे विश्व में “रक्त दीजिए-आशा दीजिए, साथ मिलकर हम जीवन बचाते हैं” थीम पर मनाया जा रहा है। जिसमें एनपीटीआई ने भी अपनी भागीदारी निभाई है। इस दौरान एनपीटीआई के विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर मौन रखकर मारे गए यात्रियों को श्रंद्धाजलि दी। रक्तदान शिविर के सम्पन्न होने के बाद एनपीटीआई के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विश्व रक्तदाता दिवस पर जरूरतमंदों के लिए रक्तदान करने की शपथ भी ली।

एनपीटीआई की महानिदेशक डा. तृप्ता ठाकुर के दिशा निर्देश पर प्रशिक्षण संस्थान में समय – समय पर विद्यार्थियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य से जुडे शिविर लगाए जाते हैं इसके अलावा देशहित में भी एनपीटीआई रक्तदान शिविर जैसे आयोजन करके अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करता है। डा. ठाकुर ने कहा कि रक्तदान ही महादान है। आज के आधुनिक युग में लगभग हर चीज मशीन से बनना संभव हो रहा है मगर रक्त एक ऐसी चीज है जिसे किसी मशीन से नहीं बनाया जा सकता है। इसलिए समय-समय पर सभी को रक्तदान करते रहना चाहिए और रक्तदान करने से आने वाली परेशानियों की भ्रामिक अफवाहों से बचना चाहिए।
इस शिविर मे एनआईटी तीन नम्बर स्थिति ईएसआई मेडिकल कॉलेज की टीम से डा. अखिल कुमार, डा. पूनम सैनी, डा. सर्वेश मिश्रा के साथ-साथ नर्सिंग और हेल्पिंग स्टॉफ भी मौजूद रहा।



