कौन सी दुकानें खुलेंगी कौन सी बंद रहेंगी !

हरियाणा ! केंद्र सरकार द्वारा लॉकडाउन के बीच दुकानें खोलने के नए आदेश जारी करने के बाद अभी असमंजस बरकरार है कि कौन सी दुकानें खुलेंगी और कौन सी बंद रहेंगी। केंद्र सरकार ने शुक्रवार देर रात नया आदेश जारी किया था। ऐसे में हरियाणा सरकार शनिवार को इस पर स्थिति साफ कर सकती है। इसके चलते हरियाणा में दुकानदार फिलहाल असमंजस में हैं। वहीं प्रदेश में गेहूं की खरीद जोरों पर हैं 5 दिन के अंदर 5.20 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। कोरोना मरीजों के मिलने का आंकड़ा भी कम नहीं हुआ है। अभी तक मरीजों क संख्या 262 पहुंच गई है।
गृह मंत्रालय ने शुक्रवार देर रात नया आदेश जारी करते हुए कहा था कि शहरी इलाकों में शॉप्स एंड एस्टाब्लिशमेंट एक्ट के तहत रजिस्टर्ड सभी दुकानें खोली जा सकेंगी। इनमें गली-मोहल्लों की दुकानों के अलावा आवासीय परिसरों में बनी दुकानें भी शामिल हैं। हालांकि, ये आदेश हॉटस्पॉट और कंटेनमेंट जोन में लागू नहीं होगा। शहरी इलाकों में मार्केट कॉम्प्लेक्स, मल्टी ब्रांड और सिंगल ब्रांड मॉल नहीं खोले जा सकेंगे। दूसरी तरफ, ग्रामीण इलाकों में मार्केट कॉम्प्लेक्स, आवासीय परिसरों में बनी दुकानों सहित सभी रजिस्टर्ड दुकानें खोली जा सकेंगी। जो दुकानें खुलेंगी, उनमें आधे कर्मचारियों को ही काम पर बुलाया जाएगा। उन्हें मास्क पहनने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग के सभी नियमों का पालन करना होगा। इन छूटों के अलावा लॉकडाउन की बाकी पाबंदियां पहले की तरह लागू रहेंगी।
हरियाणा में कुल मरीजों का आंकड़ा पहुंचा 263
राज्य में संक्रमित का आंकड़ा 263 पहुंच गया। सबसे ज्यादा 57 मरीज नूंह के हैं। फरीदाबाद में 43, गुरुग्राम में 47, पलवल में 34, पंचकूला में 18, सोनीपत में 13, अम्बाला में 12, पानीपत में 9, करनाल में 6, रोहतक में 4, सिरसा चार, यमुनानगर और भिवानी में 3-3, कैथल, हिसार, जींद, कुरुक्षेत्र में 2-2 और चरखी दादरी व फतेहाबाद में एक-एक पॉजिटिव मरीज मिला। इसके अलावा, मेदांता अस्पताल गुड़गांव में 14 इटली के नागरिकों को भी भर्ती करवाया गया था, जिन्हें हरियाणा ने अपनी सूची में जोड़ा है। उनके समेत कुल संक्रमित का आंकड़ा 277 हो जाता है।



