लोन दिलाने के नाम पर की गई थी 46,970 रुपये की ठगी
साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कॉलर व खाता उपलब्ध करवाने वाले को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने लोन दिलाने के नाम पर 46,970 रुपये की ठगी करने के मामले में दो आरोपितों को 27 अप्रैल को नरवाना से गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान अनिल कुमार निवासी गांव दनोदा कलां, जिला जींद तथा मनीष कुमार निवासी गांव फुलिया कलां, जिला जींद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार न्यू बसेल्वा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसने फेसबुक पर लोन से संबंधित एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन पर दिये गये लिंक पर क्लिक कर उसने अपनी पत्नी के नाम से फॉर्म भर दिया। फिर उसकी पत्नी के फोन पर कॉल आई, जिसमें बताया गया कि उनका 10 लाख रुपये का लोन स्वीकृत हो गया है। ठगों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर उससे 46,970 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिये लेकिन कोई लोन उपलब्ध नहीं कराया गया। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों दोस्त हैं। अनिल ने फेसबुक पर लोन संबंधी विज्ञापन चलवाया था और जब शिकायतकर्ता ने लिंक के माध्यम से अपनी जानकारी सांझा की तो उसने उससे संपर्क किया और लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। वहीं मनीष ने खाताधारक नवीन का बैंक खाता अनिल को उपलब्ध करवाया था, जिसमें ठगी की रकम प्राप्त हुई थी। खाताधारक नवीन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने दोनों को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उनकी जमानत मंजूर हुई है।



