थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए 30 रक्तमित्रों ने किया रक्तदान

फरीदाबाद : हर घर रक्तदाता अभियान के अन्तर्गत बंसी विद्या निकेतन परिवार और पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज ने जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के सहयोग से बंसी विद्या निकेतन स्कूल में थैलेसिमिया से पीड़ित बच्चों के लिए एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का संयोजन स्कूल की प्रधानाचार्या अंजु डागर, क्लब के मुख्य संयोजक आर्यवीर लायन विकास मित्तल और सह संयोजक अल्पना मित्तल ने किया।शिविर का शुभारंभ जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के सचिव बिजेन्द्र सौरोत, स्कूल के चेयरमैन नारायण डागर ने किया।
बिजेन्द्र सौरोत ने रक्तमित्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान वक्त की जरूरत है, हम सभी को रक्तदान जरूर करना चाहिए। एक यूनिट रक्त से 3 लोगों की जिंदगी को बचाया जा सकता है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति से रक्तदान करने की अपील की। शिविर संयोजक विकास मित्तल और अल्पना मित्तल ने बताया कि थैलेसीमिया अनुवांशिक बीमारी है, जिसमें बच्चे का खून बनना कम हो जाता है। मेजर थैलेसीमिया होने पर 15 से 20 दिन में खून चढ़ाने की आवश्यकता होती है।

रक्तदाताओं की वजह से ही इन बच्चों का जीवन चक्र चल रहा है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए, जिससे किसी और को जीवन मिल सके। शिविर को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद करते हुए स्कूल की प्रधानाचार्या अंजु डागर ने बताया कि शिविर में 30 रक्तमित्रों ने रक्तदान किया जिसमें से लगभग 10 लोगों ने पहली बार रक्तदान किया। शिविर को सुचारु रुप से चलाने के लिए मयंक जैन, सचिन वर्मा, विरेन्द्र कुमार, नेहा लता, नेहा शर्मा, लीना, राजबाला, अंजु यादव, अवधेश तिवारी, दीक्षा वशिष्ठ आदि का विशेष सहयोग रहा।



