प्रतीक अग्रवाल DCP बल्लभगढ़ ने लौटाए गुम हुए मोबाइल फोन
साइबर सेल की टीम ने तकनीकी सहायता से ढूंढे 20 मोबाइल

- CEIR पोर्टल की मदद से लाखों रुपये मूल्य के मोबाइल फोन हुए बरामद, मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा आमजन की सहायता एवं उनकी संपत्ति की सुरक्षा के लिए लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में साइबर सेल बल्लभगढ़ की टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए तकनीकी सहायता एवं CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से गुम हुए 20 मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 2 जून को पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़, प्रतीक अग्रवाल ने बरामद किए गए मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा है। लोगों ने अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर खुशी व्यक्त करते हुए फरीदाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर सेल बल्लभगढ़ की टीम द्वारा प्राप्त शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन की लोकेशन और उपयोग संबंधी तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया गया। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 20 गुमशुदा मोबाइल फोन को खोजकर बरामद किया गया। बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लाखों रुपये है।
DCP बल्लभगढ़, प्रतीक अग्रवाल ने साइबर सेल की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि फरीदाबाद पुलिस नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग से गुम हुई संपत्ति को उसके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो जाता है तो वह तुरंत CEIR पोर्टल https://www.ceir.gov.in/Home/index.jsp पर शिकायत दर्ज कराए। शिकायत दर्ज होने के बाद मोबाइल फोन को ट्रैक करने और बरामद करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है।



