आईटीआई ( बाल )सेक्टर-18 में नशा मुक्ति जागरूकता शिविर आयोजित

फरीदाबाद : अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति एवं अवैध मादक पदार्थ तस्करी विरोधी दिवस (26 जून) के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे साप्ताहिक जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज तीसरे दिन आईटीआई( बाल), सेक्टर-18, फरीदाबाद में नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों एवं संस्थान के स्टाफ सदस्यों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा संचालित नशा मुक्ति परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर धर्मेंद्र कसाना ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों व परिवारजनों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि जिला रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, सेक्टर-14, फरीदाबाद में नशे से पीड़ित व्यक्तियों का निःशुल्क उपचार किया जाता है। केंद्र में भर्ती मरीजों को दवाइयां, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अतिरिक्त जो व्यक्ति घर पर रहकर उपचार करवाना चाहते हैं, वे ओपीडी के माध्यम से दवाइयां प्राप्त कर अपना नियमित कार्य करते हुए भी उपचार ले सकते हैं।

शिविर के दौरान शराब, नशीली गोलियां, इंजेक्शन, सिगरेट, तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि नशा न केवल शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि व्यक्ति के पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।

इस अवसर पर बी.के. सिविल अस्पताल से अनुक्रम भाटी, ममता मैडम तथा नशा मुक्ति केंद्र से अमर आईटीआई बाल से प्रिंसिपल भगत सिंह व अन्य स्टाफ विजेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह शक्ति पाल ,मनजीत ,विजय सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने युवाओं को स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!