स्कॉटलैंड विश्वविद्यालय से मास्टर इन डेटा साइंस की उपाधि प्राप्त कर लौटीं बिटिया नीति का श्री माता शीतला देवी मंदिर में भव्य सम्मान

गुरुग्राम, 15 जुलाई। श्री माता शीतला देवी मंदिर परिसर में मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा की सुपुत्री कु. नीति शर्मा के स्कॉटलैंड विश्वविद्यालय से मास्टर इन डेटा साइंस की शिक्षा उत्कृष्ट श्रेणी में पूर्ण कर भारत लौटने के उपलक्ष्य में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विश्व ब्राह्मण संघ के चेयरमैन शशिकांत शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बेटियाँ आज हर क्षेत्र में भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन कर रही हैं। कु. नीति ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि से न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे समाज का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुमीत कुमार ने कु. नीति को स्मृति-चिन्ह एवं माता रानी का पावन चित्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र की सेवा करने वाली युवा प्रतिभाओं का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में पंडित जयभगवान शर्मा ने समारोह में पधारे सभी अतिथियों, मंदिर प्रशासन एवं उपस्थित श्रद्धालुओं का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी पुत्री के लिए जीवनभर प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
इस अवसर पर मंदिर के अधिकारी यज्ञदत्त शर्मा, ब्रह्म प्रकाश शर्मा, तरसेम शर्मा, संजय शर्मा, अशोक शर्मा, अजय शर्मा, पुष्कर राज शर्मा सहित मंदिर के सभी पुजारी, सहायकगण एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



