स्कूल में घुसकर सरेआम महिला टीचर की हत्या
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने के मात्र 2 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया

फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद के सिकरौना गांव में हैरान करने वाला मामला सामने आया है. य़हां पर सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दिनदहाड़े महिला टीचर की हत्या कर दी गई. सुबह-सुबह एक नकाबपोश स्कूल परिसर में घुसा और शिक्षिका संध्या पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए. बीच-बचाव करने आए प्रिंसिपल डॉ. तेजपाल शर्मा पर भी जानलेवा हमला किया. यह पूरी बर्बरता सीसीटीवी में कैद हो चुकी है. बताया जा रहा है कि लेडी टीचर कुछ दिन पहले आरोपी के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत पुलिस के पास दर्ज करवाई थी और उसने सबके सामने माफी मांग ली थी.

फरीदाबाद के गांव सिकरौना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में महिला टीचर की चाकू मारकर हत्या के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने के मात्र 2 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पति की शिकायत पर थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एवीटीएस सिकरौना टीम ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कोट फरीदाबाद निवासी अमित (21) को गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मृतका को पहले से जानता था। पुलिस के अनुसार, महिला उससे दूरी बनाना चाहती थी और बातचीत बंद कर चुकी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने स्कूल परिसर में चाकू से हमला कर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



