जलभराव को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
ट्रिपल इंजन सरकार पूरी तरह फेल, स्मार्ट सिटी का सपना दिखाकर स्लम सिटी बनाकर दे दी : बलजीत कौशिक

फरीदाबाद : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद शहर में उत्पन्न जलभराव की समस्या को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। लोगों को स्मार्ट सिटी का सपना दिखाकर जनता को स्लम सिटी बनाकर दे दी।
बलजीत कौशिक ने कहा कि शहर का अधिकांश हिस्सा जलमग्न हो चुका है और सडक़ों पर कई फीट तक पानी जमा होने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार होने के साथ-साथ नगर निगम में भी भाजपा का शासन होने के बावजूद शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है।

उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में एक केंद्रीय मंत्री, एक कैबिनेट मंत्री, एक राज्य मंत्री, मेयर और 46 पार्षद होने के बावजूद शहर की स्थिति बद से बदतर हो गई है। जगह-जगह जलभराव के कारण लोग पिछले 24 घंटों से अपने घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। बाजारों में आवाजाही प्रभावित है, कई मार्ग बंद पड़े हैं और बच्चों की स्कूल शिक्षा भी प्रभावित हुई है।
कौशिक ने कहा कि बारिश के हर मौसम में फरीदाबाद की यही तस्वीर सामने आती है, लेकिन इसके बावजूद सरकार और नगर निगम ने जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। उन्होंने मांग की कि जलभराव वाले क्षेत्रों से जल्द पानी निकाला जाए, प्रभावित लोगों को राहत दी जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।



