अगस्त में HSNCB की फरीदाबाद गुरुग्राम और रेवाड़ी यूनिटस ने 13 NDPS मामले दर्ज कर 17 आरोपी किए गिरफ्तार

नशा तस्करी के खिलाफ प्रवर्तन के साथ जागरूकता पर भी जोर—जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों तक पहुंचा नशामुक्ति का संदेश- राजेंद्र कुमार मीणा, DIG

फरीदाबाद 01 सितंबर : हरियाणा सरकार की नशामुक्त प्रदेश नीति के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं HSNCB प्रमुख संजय कुमार, IPS के दिशा-निर्देशन तथा पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा, IPS के नेतृत्व में HSNCB की फरीदाबाद, गुरुग्राम एवं रेवाड़ी यूनिट्स ने अगस्त माह के दौरान प्रवर्तन एवं जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया।

अगस्त माह में तीनों यूनिट्स द्वारा 13 NDPS के मामले दर्ज कर 17 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक विदेशी नागरिक भी शामिल है। इस दौरान विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थ एवं नशीली दवाएं बरामद की गईं। साथ ही, नशे के दुष्परिणामों के प्रति विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन को जागरूक करने के लिए 11 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 1,675 से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया।

नार्को डॉग स्क्वॉड बना कार्रवाई का महत्वपूर्ण हिस्सा

नशीले पदार्थों की तलाश एवं संदिग्ध स्थानों की जांच को और प्रभावी बनाने के लिए HSNCB द्वारा प्रशिक्षित नार्को डॉग स्क्वॉड का भी उपयोग किया गया। अगस्त माह में फरीदाबाद एवं रेवाड़ी क्षेत्र में कुल 6 विशेष जांच अभियान नार्को डॉग की सहायता से चलाए गए।

फरीदाबाद की राहुल कॉलोनी क्षेत्र में भी नार्को डॉग की सहायता से विशेष जांच अभियान किया गया।
नार्को डॉग स्क्वॉड की सहायता से सार्वजनिक स्थानों, होटल-ढाबों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध वस्तुओं और नशीले पदार्थों की संभावित मौजूदगी की जांच की गई। HSNCB द्वारा प्रवर्तन कार्रवाई में आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीकों के इस्तेमाल पर भी लगातार जोर दिया जा रहा है।

फरीदाबाद यूनिट: 4 मामले, 7 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद यूनिट द्वारा अगस्त माह के दौरान 4 मामले दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। विभिन्न कार्रवाइयों के दौरान 344 ग्राम गांजा, ट्रामाडॉल एवं अल्प्राजोलम की 6,246 से अधिक टैबलेट/कैप्सूल, 40 ग्राम स्मैक तथा 5.744 किलोग्राम डोडा-चूरा पोस्त बरामद किया गया।
मामलों की जांच के दौरान संभावित अंतरराज्यीय कनेक्शन की पड़ताल के लिए उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर एवं अलीगढ़ क्षेत्रों में चार स्थानों पर कार्रवाई की गई, जिसमें दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा, राहुल कॉलोनी, फरीदाबाद में नार्को डॉग की सहायता से विशेष जांच अभियान चलाया गया।

गुरुग्राम यूनिट: 6 मामले, 7 आरोपी(एक विदेशी नागरिक) गिरफ्तार
गुरुग्राम यूनिट ने अगस्त माह के दौरान 6 मामले दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन मामलों में कुल 43.26 ग्राम कोकीन, 82.97 ग्राम MDMA तथा 7 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। एक मामले में एक विदेशी नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया।

रेवाड़ी यूनिट: तीन मामले, तीन आरोपी गिरफ्तार
रेवाड़ी यूनिट ने नशा तस्करों पर कार्यवाही करते हुए अगस्त माह के दौरान नशीले पदार्थों से संबंधित 3 मामले दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 8 बोतल कोडीन सिरप, 1,920 ट्रामाडॉल कैप्सूल तथा 7.12 ग्राम स्मैक बरामद की गई।

DIG राजेंद्र कुमार मीणा, IPS ने बताया कि नशा के विरुद्ध HSNCB की रणनीति केवल नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई तक सीमित नहीं है। हमारा प्रयास नशे की सप्लाई चेन को चिन्हित कर उस पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ-साथ युवाओं एवं आमजन को जागरूक करना भी है। प्रवर्तन कार्रवाई में नार्को डॉग स्क्वॉड जैसे प्रशिक्षित संसाधनों का उपयोग जांच को और प्रभावी बनाता है। नशामुक्त हरियाणा के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।

उन्होंने आगे बताया कि HSNCB द्वारा दर्ज मामलों में आरोपियों के forward एवं backward linkages की जांच की जा रही है। अंतरराज्यीय स्तर पर सामने आने वाले संभावित कनेक्शनों की भी जांच की जा रही है।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा वितरण से संबंधित कोई जानकारी हो, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित पुलिस अथवा HSNCB को दें। MANAS हेल्पलाइन: 1933; HSNCB हेल्पलाइन: 90508-91508; MANAS पोर्टल: ncbmanas.gov.in; सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!